महाराष्ट्र में सूखे के हालात पर एनसीपी अजित पवार गुट गंभीर, मंत्रियों को सप्ताह में तीन दिन प्रभावित क्षेत्रों के दौरे का निर्देश
किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए पार्टी और सरकार मिलकर उठाएंगे कदम
विधायकों और विधान परिषद सदस्यों को भी सौंपी गई जिलों की जिम्मेदारी
मुंबई, 04 नवंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र में सूखे के बिगड़ते हालात और किसानों की बढ़ती समस्याओं को देखते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी-अजित पवार गुट) ने किसानों को राहत दिलाने के लिए सक्रियता बढ़ा दी है। पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे ने पार्टी के मंत्रियों और पालक मंत्रियों को सप्ताह में तीन दिन सूखा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर जमीनी हालात का जायजा लेने के निर्देश दिए हैं।
इस बारे में उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार की अध्यक्षता में उनके सरकारी आवास देवगिरी बंगले पर पार्टी के सांसदों और विधायकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में राज्य में सूखे की स्थिति पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए पार्टी संगठन और सरकार के स्तर पर आवश्यक कदम उठाने का निर्णय लिया गया।
बैठक के बाद पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं सांसद सुनील तटकरे ने बताया कि एनसीपी के मंत्रियों के साथ-साथ पालक मंत्रियों को भी सप्ताह में तीन दिन ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इन दौरों के दौरान सूखे की स्थिति की समीक्षा करने, किसानों की समस्याओं को समझने और उनकी जरूरतों के अनुसार राहत उपायों की जानकारी जुटाने पर विशेष जोर रहेगा।
विधान परिषद सदस्यों को भी सौंपी गई जिम्मेदारी
सूखा प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति पर लगातार नजर रखने के लिए विधान परिषद के सदस्यों को भी अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। संबंधित सदस्यों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में जाकर जमीनी स्थिति का निरीक्षण करने और किसानों की समस्याओं की जानकारी लेने के निर्देश दिए गए हैं।
तटकरे ने स्पष्ट किया कि पार्टी के सभी जनप्रतिनिधि मिलकर सूखे की मार झेल रहे किसानों को अधिकतम सहायता उपलब्ध कराने के लिए काम करेंगे। किसानों को राहत देने के लिए पार्टी संगठन और सरकार, दोनों स्तरों पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
किसानों तक राहत पहुंचाने पर जोर
एनसीपी नेतृत्व ने सूखे की चुनौती से निपटने के लिए जनप्रतिनिधियों को ग्रामीण क्षेत्रों में सक्रिय रहने और किसानों के साथ सीधे संवाद करने पर जोर दिया है। पार्टी का उद्देश्य प्रभावित किसानों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सरकार तक पहुंचाना और उन्हें जल्द से जल्द राहत दिलाने के लिए आवश्यक पहल करना है।
-------------------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

