home page

मंत्री नितेश राणे आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय दौरे पर

 | 

मुंबई, 07 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के मत्स्य पालन व बंदरगाह विकास मंत्री नितेश राणे आंध्र प्रदेश के दो दिवसीय अध्ययन दौरे पर रवाना हुए हैं। इस दौरे का मुख्य उद्देश्य आंध्र प्रदेश में बंदरगाह विकास, जहाज निर्माण और मत्स्य व्यवसाय में इस्तेमाल हो रही आधुनिक तकनीकों का जमीनी स्तर पर अध्ययन करना है।

मंत्री नितेश राणे ने जानकारी दी है कि इस दौरे में मत्स्य पालन की नई पद्धतियों और मछुआरों के आर्थिक सशक्तीकरण पर विशेष रूप से बातचीत होगी। इस अध्ययन दौरे से मिलने वाले अनुभवों का उपयोग महाराष्ट्र के तटीय इलाकों के सर्वांगीण विकास और यहां के बंदरगाहों को आधुनिक रूप देने के लिए किया जाएगा। इस बात पर जोर दिया जाएगा कि आधुनिक संसाधनों के माध्यम से मछुआरों के लिए कमाई और रोजगार के नए अवसर बढ़ाए जा सकें। इसके जरिए महाराष्ट्र में समुद्री व्यापार को रफ्तार देने और मछुआरों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने की नई राह तलाशी जाएगी।

मंत्री नितेश के अनुसार आंध्र प्रदेश ने समुद्री क्षेत्र और बंदरगाह विकास में कई सफल मॉडल तैयार किए हैं। महाराष्ट्र सरकार इन सफल प्रयोगों, आधुनिक कार्यप्रणालियों और नई तकनीकों को अपने राज्य में भी लागू करने की योजना बना रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार