मंत्री नितेश राणे ने की शरद पवार से मुलाकात
मुंबई, 07 सितंबर (हि.स.)। एनसीपी (एसपी) के मुखिया शरद पवार से सोमवार को मत्स्य व बंदरगार विकास मंत्री नितेश राणे ने मुलाकात की। पवार के मुंबई स्थित सिल्वर ओक आवास पर हुई इस मुलाकात को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। हालांकि इसे सदिच्छा भेंट बताया गया है।
शरद पवार की पार्टी एनसीपी के एनडीए में शामिल होने की अटकलें लगाई जा रही हैं। लेकिन पार्टी सांसद सुप्रिया सुले व अन्य नेताओं ने इससे इनकार किया है। इस बीच भाजपा नेता व मंत्री नितेश राणे द्वारा पवार से जाकर मुलाकात करने के मामले से फिर एक बार यह मुद्दा गरमा गया है। नितेश राणे ने स्पष्ट किया है कि यह सदिच्छा भेंट थी। इस बैठक में राज्य में मत्स्य इंडस्ट्री, मछुआरों के हितों और बंदरगाह के विकास से जुड़े कई मुद्दों पर विस्तृत बातचीत की गई। उन्होंने पवार को मत्स्य विभाग की ओर से ससून डॉक के आधुनिकीकरण के लिए लागू किए जा रहे कई उपायों के बारे में बताया। उन्होंने पवार को ' मुख्यमंत्री मत्स्य फंड स्कीम' की सूचना बुकलेट दी।
मंत्री नितेश राणे के अनुसार महाराष्ट्र में मछली उद्योग को बढ़ावा देने, मछुआरों के हितों के लिए असरदार कदम उठाने और बंदरगाहों के विकास में तेजी लाने के लिए सरकार की चल रही कोशिशों पर पवार के साथ विस्तार से चर्चा की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

