विवादों में मंत्री अदिति तटकरे के पीए
मुंबई. 23 मई (हि.स.)। महाराष्ट्र की महिला एवं बाल कल्याण मंत्री अदिति तटकरे के निजी सचिव राजेश गायकवाड आरोपों में घिर गए हैं। उन पर महिला अधिकारियों से अश्लील भाषा में बात करने और तबादला रैकेट चलाने जैसे संगीन आरोप लगाए गए हैं। इससे मंत्री अदिति तटकरे की भी मुश्किलें में पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
महिला एवं बाल कल्याण राज्य राजपत्रित अधिकारी संगठन ने एक निवेदन के जरिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को शिकायत भेजी है। इसमें राजेश गायकवाड पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। संगठन का कहना है कि गायकवाड अपने पद का दुरुपयोग करते हुए मंत्री की जानकारी के बिना गंभीर अनियमितताएं कर रहे हैं। कई अधिकारी व्यावसायिक नुकसान के डर से उनके दुर्व्यवहार को चुपचाप सहने पर मजबूर हैं। संगठन ने शिकायत की है कि राजेश गायकवाड महिला अधिकारियों के साथ अत्यंत अपमानजनक और लज्जास्पद व्यवहार करते हैं। उनका महिलाओं के प्रति नजरिया संकुचित, असंवेदनशील और गैर-जिम्मेदाराना है। इसके अलावा, अल्पसंख्यक और सामाजिक रूप से वंचित वर्ग के अधिकारियों के साथ भी वे भेदभावपूर्ण और अपमानजनक व्यवहार करते हैं।
संगठन का आरोप है कि गायकवाड ने विभाग में तबादलों और प्रतिनियुक्ति के मामलों में अपनी एक समानांतर व्यवस्था यानी रैकेट खड़ा कर लिया है। वे अधिकारियों का आर्थिक शोषण करते हैं। उनके खिलाफ बदनाम करने वाली कहानियां गढ़ते हैं। जो अधिकारी उनकी बात नहीं मानते, उन्हें जानबूझकर अनुचित और प्रतिकूल स्थानों पर तैनात करवाते हैं। आरोपों के कागजी और इलेक्ट्रॉनिक दोनों तरह के साक्ष्य उपलब्ध हैं। मांग की गई है कि गायकवाड को तत्काल पद से हटाया जाए और उनके खिलाफ उच्चस्तरीय जांच बिठाई जाए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

