10 तारीख को मिल मज़दूरों का विधान भवन पर मोर्चा
मुंबई, 9 मार्च (हि.स.)। मिल मजदूरों के घरों को लेकर गिरनी कामगार संयुक्त संघर्ष समिति ने मंगलवार 10 मार्च को विधान भवन का घेराव करने की घोषणा की है। इस मोर्चे में मिल मजदूरों के 16 संगठन शामिल होंगे।
संघर्ष समिति के पदाधिकारी के अनुसार मिल मज़दूरों के रुके हुए घर के मुद्दे पर पूर्व राज्य मंत्री और मज़दूर नेता सचिन अहीर के नेतृत्व में 9 जुलाई 2025 को आंदोलन किया गया था। उस समय उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने सभी मांगों पर पॉज़िटिव फ़ैसला लिया और मज़दूरों में राहत देने की कोशिश की थी। लेकिन यह राहत कुछ समय के लिए थी। सरकार के इस काम ने मिल मज़दूरों की भावनाओं के साथ खिलवाड़ किया है। इससे 16 ट्रेड यूनियनों में गुस्से का माहौल है। बीते दिनों मिल मजदूरों के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी के साथ बैठक कर मोर्चे की दशा और दिशा तय की गई है। इस मोर्चे में मुंबई, ठाणे, कोकण पश्चिम महाराष्ट्र सहित राज्य के विभिन्न हिस्सों से मिल मजदूर और उनके उत्तराधिकारी शामिल होंगे।
राष्ट्रीय मिल मज़दूर संघ के जनरल सेक्रेटरी गोविंदराव मोहिते ने बताया कि मंगलवार 10 मार्च को विरोध प्रदर्शन करने का फैसला संयुक्त समिति ने लिया है। मिल मजदूरों की मांग है कि उन्हें मुंबई में ही घर दिए जाएं। जो घर बन चुके हैं उन्हें तुरंत रिलीज किया जाए और 15 साल से फंसे मजदूरों को तुरंत घर दिए जाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

