home page

उद्धव ठाकरे पर बरसे मिलिंद देवड़ा

 | 

मुंबई, 28 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद मिलिंद देवड़ा ने पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की आलोचना की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को ठाणे में हराया नहीं जा सकता, इसलिए उन्हें बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने उद्धव को पुलिस विभाग पर टिप्पणी करने से पहले मुख्यमंत्री के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान हुई घटनाओं का जवाब देने की चुनौती दी है।

देवड़ा ने दावा किया कि तत्कालीन मुख्यमंत्री ने 10 मार्च, 2021 को सचिन वाजे का समर्थन किया था। महाविकास आघाड़ी सरकार के दौरान उद्योगपतियों से जबरन वसूली की जा रही थी। मुंबई पुलिस देश की सबसे अच्छी और पेशेवर पुलिस फोर्स में से एक है। हालांकि इस तरह की घटनाओं ने पुलिस फोर्स की छवि खराब की। इससे महाराष्ट्र में उद्योग, रोजगार और निवेश पर भी असर पड़ा।

देवड़ा ने कहा कि दिवंगत प्रदीप पुर्णेकर के परिवार के लिए न्याय सबसे महत्वपूर्ण है। लेकिन इस मामले को लेकर राजनीति करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। पुर्णेकर परिवार उन लोगों के हाथों का खिलौना न बने, जो बिना किसी अच्छी भावना के इस मामले को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार