म्हाडा के घरों के लिए बढ़ी समय सीमा, अब 14 मई तक करें आवेदन
मुंबई, 28 अप्रैल (हि.स.)। मुंबई हाउसिंग एंड एरिया डेवलपमेंट बोर्ड ( म्हाडा ) ने कई हाउसिंग प्रोजेक्ट्स में 2640 घरों की बिक्री के लिए लॉटरी निकाली है। लेकिन अपेक्षित प्रतिसाद न मिलने के कारण अब घरों के आवेदन के लिए समय सीमा बढ़ा दी गई है। अब 14 मई तक इच्छुक आवेदन कर सकते हैं।
मंहाडा से मिली जानकारी के अनुसार अब ऑनलाइन एप्लीकेशन रजिस्ट्रेशन, एप्लीकेशन स्वीकार करने और डिपॉजिट अमाउंट के ऑनलाइन पेमेंट की तारीख 14 मई, 2026 रात 11.59 बजे तक बढ़ा दी गई है। 15 मई, 2026 रात 11.59 बजे तक डिपॉजिट अमाउंट ऑनलाइन जमा कर सकते हैं। साथ ही, आवेदक 15 मई, 2026 को संबंधित बैंक के ऑफिस टाइम तक RTGS / NEFT के जरिए डिपॉजिट अमाउंट का पेमेंट कर सकते हैं। म्हाडा 22 मई, 2026 को दोपहर 3 बजे वेबसाइट https://housing.mhada.gov.in पर ड्रॉ के लिए मिले आवेदन की ड्राफ्ट लिस्ट पब्लिश करेगा। ड्राफ्ट लिस्ट पब्लिश होने के बाद 25 मई, 2026 को दोपहर 3 बजे तक ऑनलाइन क्लेम फाइल किए जा सकते हैं। ड्रॉ के लिए एक्सेप्ट किए गए आवेदन की अंतिम सूची 29 मई को दोपहर 3 बजे म्हाडा की वेबसाइट पर पब्लिश की जाएगी। फ्लैट के लिए मिले आवेदनों के कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ के परिणाम 5 जून को घोषित किए जाएंगे।
मुंबई में म्हाडा की लॉटरी को आमतौर पर भारी प्रतिसाद मिलता रहा है। मई 2023 में 4083 घरों के लिए निकाली गई लॉटरी में 1 लाख 19 हजार 278 आवेदन प्राप्त हुए थे। वहीं सितंबर 2024 में 2030 घरों के लिए 1 लाख 13 हजार 811 लोगों ने आवेदन किया था। लेकिन इस बार स्थिति अलग नजर आ रही है। मुंबईवासी अपना घर पाने का सपना पूरा करने के लिए म्हाडा की लॉटरी का बेसब्री से इंतजार करते हैं।
म्हाडा के मुंबई मंडल ने दादर, बांद्रा, गिरगांव, गोरेगांव और विक्रोली जैसे इलाकों में 2640 घरों की बिक्री के लिए लॉटरी निकाली है। इस लॉटरी में सबसे सस्ता घर मानखुर्द के पीएमजीपी प्रोजेक्ट में है, जिसकी कीमत 29 लाख 37 हजार रुपये है। सबसे महंगा घर ताड़देव के क्रिसेंट टॉवर में है, जिसकी कीमत 6 करोड़ 82 लाख रुपये तक है। लॉटरी में अत्यंत निम्न आय वर्ग के लिए केवल 145 घर उपलब्ध हैं। वहीं निम्न आय वर्ग के लिए 858 घर हैं, लेकिन उनकी कीमतें भी करोड़ों में पहुंच चुकी हैं। उदाहरण के तौर पर वर्ली में निम्न आय वर्ग के फ्लैट की कीमत 2 करोड़ 9 लाख रुपये तक है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / वी कुमार

