देश के युवा बच्चों ने लिखा है नया इतिहास : उद्धव ठाकरे
मुंबई, 26 जुलाई, (हि.स.)। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उद्धव ठाकरे ने रविवार को दादर स्थित शिवाजी पार्क में कहा कि देश के युवा बच्चों ने एक नया इतिहास लिखा है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ अभूतपूर्व जीत हासिल की है। यह संघर्ष इससे आगे भी चलता रहेगा। इस मौके पर महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना के अध्यक्ष राज ठाकरे, राकांपा एसपी के विधायक रोहित पवार आदि उपस्थित थे।
शिवाजी पार्क मैदान में तिरंगा जल्लोश सभा काे संबोधित करते हुए उद्धव ठाकरे ने कहा कि छात्रों ने यह जीत हासिल की है और दुनिया को दिखा दिया है कि अब अन्याय सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा, हम सभी को इस बात के लिए बधाई देते हैं कि देश की युवा पीढ़ी जाति, पंथ और धर्म को छोडक़र अन्याय के खिलाफ़ एक साथ आई है। आज देश का युवा जाग गया है और यह तस्वीर देश के भविष्य के लिए उम्मीद जगाने वाली है।
मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे ने कहा कि देश के छात्रों को तिलचट्टे की उपाधि दी गई थी। लेकिन इन्हीं तिलचट्टों ने दिखा दिया कैसे सरकार की जड़ें उखाड़ सकते हैं। राज ठाकरे ने नीट पेपर लीक मामले से हताश होकर अपनी जान देने वाले 21 छात्रों के नाम पढक़र सुनाएं और इसके बाद इन सभी को श्रद्धांजलि दी गई। राज ठाकरे ने कहा कि इस अन्याय के कारण अपनी जान देने वाले स्टूडेंट्स की तकलीफ़ और कुर्बानी को हम कभी नहीं भूलेंगे।
शिवसेना यूबीटी के अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे की ओर से दिल्ली में जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन से धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद रविवार को शिवाजी पार्क मैदान में तिरंगा जल्लोश सभा का आयोजन किया था। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में छात्र, विधायक,
पदाधिकारी, पार्टी कार्यकर्ता और लोग उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

