मालाबार हिल में बाणगंगा झील में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत
मुंबई, 22 अगस्त (हि.स.)। मुंबई के मालाबार हिल इलाके में स्थित बाणगंगा झील में शनिवार को एक 20 वर्षीय युवक की डूबने से मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही मालाबार हिल पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मृतक युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की गहन छानबीन मालाबार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतक युवक की पहचान हरीश रावल के रूप में हुई है। आज सुबह हरीश मालाबार हिल के बाणगंगा इलाके में घूमने आया था। इसी दौरान वह तैरने के लिए झील में उतर गया। पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा पाने के कारण वह अचानक डूबने लगा। युवक को डूबता देख मौके पर मौजूद संजय शिर्के प्रतिष्ठान के कार्यकर्ताओं, पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया।
उन्होंने हरीश को पानी से बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार दिया। इसके बाद उसे अस्पताल ले जाने की कोशिश की गई, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद बाणगंगा इलाके में हडक़ंप मच गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना की जांच हर ऐंगल से शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

