home page

मालाड में नशीले पदार्थ के ओवरडोज से युवक की मौत

 | 

मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। मालाड पूर्व के अप्पा पाड़ा इलाके में नशीले पदार्थ का ओवरडोज होने से 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई है। मृतक की पहचान अमन सोनी के रूप में हुई है। इस मामले की छानबीन कुरार पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

कुरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन देशमाने ने सोमवार को बताया कि इस मामले में मृतक युवक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट होगी।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार रविवार को दिन में 11 बजे अप्पा पाड़ा के बुवासावली मैदान इलाके स्थित एक सार्वजनिक शौचालय में कुछ युवक नशीले पदार्थ का इंजेक्शन ले रहे थे। इसी दौरान नशीले पदार्थ का ओवरडोज होने की वजह से अमन सोनी की तबीयत अचानक बिगड़ गई। गंभीर हालत में अमन को तत्काल गीतांजलि अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज शुरू किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे मावली अस्पताल ले जाया गया।

हालांकि, डॉक्टर उसे बचा नहीं सके और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही कुरार पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और मृतक युवक का बरामद कर शव को पोस्टमार्टम के लिए शताब्दी अस्पताल भेज दिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और मेडिकल रिपोर्ट के बाद युवक की मौत के कारण का पता चल सकेगा।

इस घटना के बाद अप्पा पाड़ा इलाके में सार्वजनिक शौचालय में कथित रूप से खुलेआम ड्रग्स के सेवन का मामला भी चर्चा में आ गया है। स्थानीय नागरिकों ने मामले की गहन जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव