home page

विश्व डाक दिवस से पहले तंबाकू विरोधी बैनर का अनावरण, चीफ पोस्टमास्टर जनरल बोले - कुछ मैसेज जिंदगी बदल देते हैं

 | 

मुंबई, 08 अक्टूबर (हि.स.)। विश्व डाक दिवस की पूर्व संध्या पर महाराष्ट्र एवं गोवा के चीफ पोस्टमास्टर जनरल रामचंद्र जयभाये ने तंबाकू के सेवन के खिलाफ जागरूकता फैलाने वाले बैनर का उद्घाटन किया। महात्मा गांधी जयंती सप्ताह के समापन अवसर पर आयोजित इस पहल के जरिए तंबाकू एवं नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।

इस बैनर पर लिखा है, कुछ मैसेज जिंदगी बदल देते हैं। अपनी जिंदगी तंबाकू-मुक्त बनाएं। यह पहल ‘वॉइस अगेंस्ट टोबैको’ और ‘इंडियाप्रेस’ के संयुक्त प्रयास से की गई है। इसका उद्देश्य सार्वजनिक संदेश के माध्यम से लोगों को तंबाकू से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।

इस अवसर पर जयभाये ने विश्व डाक दिवस पर नागरिकों और डाक विभाग के कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विशेष रूप से डाक कर्मचारियों से तंबाकू का सेवन नहीं करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि डाक विभाग के कर्मचारी समाज में स्वस्थ आदतों की मिसाल कायम कर सकते हैं। ‘गांधी से प्रेरित’ के रूप में पहचाने जाने वाले उपेंद्र थानावाला ने महात्मा गांधी के आदर्शों को दैनिक जीवन में अपनाने की जरूरत बताई। उन्होंने अहिंसा, स्वच्छता और नशामुक्त जीवन के मूल्यों पर जोर दिया।

इंडियाप्रेस के संस्थापक जगदीश पी. पुरोहित ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान में युवा पीढ़ी पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘नशा मुक्त युवा के लिए विकसित भारत संकल्प अभियान’ का उल्लेख करते हुए युवाओं तक नशामुक्ति का संदेश पहुंचाने पर जोर दिया। वॉइस अगेंस्ट टोबैको के संस्थापक उमेश थानावाला ने कहा कि संस्था विभिन्न प्रकार के तंबाकू उत्पादों के खिलाफ लगातार जागरूकता अभियान चला रही है। उन्होंने तंबाकू एवं नशामुक्त समाज के लिए जनभागीदारी और निरंतर जागरूकता को जरूरी बताया।

कार्यक्रम में सहायक निदेशक, डाक सेवाएं संतोष कुमार कुलकर्णी और आरती थानावाला सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव