ठाणे की झील में अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी
मुंबई, 03 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे शहर के कैसल मिल इलाके स्थित अम्बे-घोसाले झील से सोमवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई है। राबोड़ी पुलिस स्टेशन की टीम ने महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की गहन छानबीन राबोड़ी पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकार ने बताया कि मृतक महिला की उम्र करीब 55 से 60 वर्ष के बीच होने का अनुमान है। महिला का शव बरामद किया गया है और महिला की पहचान का प्रयास किया जा रहा है। इस घटना की रिपोर्ट आकष्मिक मौत के रुपय में दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी प्रकार की आपराधिक साजिश या गड़बड़ी के संकेत नहीं मिले हैं। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
ठाणे नगर निगम के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के मुताबिक सुबह करीब 9.25 बजे कंट्रोल रूम को सूचना मिली कि प्रभाकर हेगड़े मार्ग स्थित कैसल मिल सर्कल और स्वर्गीय मीनाताई ठाकरे चौक के पास झील में एक महिला का शव तैरता हुआ दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ, ठाणे फायर ब्रिगेड, राबोडी पुलिस और स्थानीय आपातकालीन प्रतिक्रिया दल ने संयुक्त बचाव अभियान चलाया। टीम ने झील से शव बाहर निकालकर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

