मुंबई के वडाला में फायरिंग, युवक बाल-बाल बचा, दो आरोपित गिरफ्तार
मुंबई, 18 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के वडाला पश्चिम इलाके में रविवार तड़के एक युवक पर तीन राउंड फायरिंग की गई। आरए किदवई रोड पर चार रास्ता स्थित एश कॉलेज के पास हुई इस घटना में युवक ने मौके से भागकर अपनी जान बचा ली। मामले में पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है, जबकि तीसरे की तलाश जारी है। घटना की जांच माटुंगा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, रविवार तड़के करीब तीन बजे तीन लोग ओला-उबर कैब से घटनास्थल पर पहुंचे। वहां एक युवक को देखते ही उन्होंने उस पर तीन राउंड गोलियां चला दीं। हालांकि, एक भी गोली युवक को नहीं लगी और वह मौके से भागकर अपनी जान बचाई। अचानक हुई फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही माटुंगा पुलिस, क्राइम ब्रांच यूनिट और पुलिस उपायुक्त अनुराग जैन मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस ने कैब चालक से पूछताछ की, जिसके आधार पर मामले में दाउद खान और हमजा खान को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए दोनों संदिग्धों के पास से दो पिस्तौल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। वहीं, पुलिस इस घटना में शामिल तीसरे संदिग्ध की सरगर्मी से तलाश कर रही है।---------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

