बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का किया जाएगा सर्वे: बावनकुले
मुंबई, 24 फरवरी (हि.स.)। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने मंगलवार को विधानसभा में कहा कि महाराष्ट्र में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खराब हुए फसलों का सर्वे किए जाएगा और प्रभावित किसानों को नुकसान भरपाई दी जाएगी।
राजस्व मंत्री बावनकुले विधानसभा में बारिश, ओलावृष्टि और तूफान से फसलों के बर्बाद होने संबंधी प्रश्रों का जवाब दे रहे थे। विधायक धनंजय मुंडे ने कहा कि सोमवार को मराठवाड़ा के बीड, लातूर, परभणी, धाराशिव, नांदेड़ जिलों समेत कोंकण और पूर्वी विदर्भ में गेहूं, ज्वार, चना, सब्जियां, फलों की फसलों आदि को बहुत नुकसान हुआ है। मुंडे ने कहा कि किसानों को राहत देने के लिए सरकार को तुरंत सर्वे करना चाहिए। इसी तरह की मांग कांग्रेस विधायक विजय बडेट्टीवार ने करते हुए कहा कि राज्य में फसलों को काफी नुकसान हुआ है इसलिए राज्य सरकार को तत्काल सर्वे कर किसानों को नुकसान भरपाई देनी चाहिए।
इसका जवाब देते हुए राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि जिन जिलों में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से खेती की फसलों को नुकसान हुआ है, वहां के जिला प्रशासन तत्काल सर्वे कर अपनी रिपोर्ट जल्द से जल्द सरकार को सौपेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री से चर्चा कर नुकसान भरपाई का निर्णय लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

