छत्रपति संभाजीनगर में 1.26 करोड़ रुपये का एलपीजी गैस भरा टैंकर और सिलेंडर बरामद
मुंबई, 03 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के खाद्यान्न आपूर्ति विभाग के राज्य स्तरीय सतर्कता टीम ने छत्रपति संभाजी नगर जिले के बैजापुर रोड पर खोजेवाड़ी शिवरा इलाके में छापा मारकर १.२६ करोड़ रुपये कीमत का एलपीजी गैस टैंकर और सिलेंडर बरामद किया है। इस मामले की गहन छानबीन वालुंज पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
खाद्यान्न आपूर्ति विभाग के कंट्रोलर चंद्रकांत डांगे ने शुक्रवार को बताया कि विभाग की राज्य स्तरीय सतर्कताटीम को संभाजी नगर में एलपीजी गैस चोरी की शिकायत मिली थी। इसी शिकायत के आधार पर सतर्कता टीम ने वैजापुर रोड पर खोजेवाड़ी शिवरा नाम की जगह पर दो मार्च को छापा मारा था। इस ऑपरेशन के दौरान, दो लोगों को एलपीजी टैंकर की सील तोडक़र गैस चोरी करते रंगे हाथों पकड़ा गया। जांच के दौरान, एचपी कंपनी के दो कैप्सूल टैंकर मिले। इन टैंकरों में क्रम से 17,590 किलोग्राम और 17,630 एलपीजी गैस स्टोर की गई थी।
इसके अलावा मौके से 19.2 किलोग्राम कैपेसिटी के 17 भरे हुए और 6 खाली सिलेंडर, 14.2 किलोग्राम का 1 भरा हुआ सिलेंडर और 5 एलपीजी के 2 भरे हुए सिलेंडर ज़ब्त किए गए। इस तरह कुल 35,220 किलोग्राम गैस, 2 टैंकर और 26 सिलेंडर ज़ब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 26 लाख रुपये है। विजिलेंस टीम की जानकारी के मुताबिक अगर ज़ब्त की गई गैस का इस्तेमाल घरेलू इस्तेमाल के लिए किया जाता, तो इससे करीब 2480 परिवारों की ज़रूरतें पूरी हो सकती थीं। इस मामले में छत्रपति संभाजी नगर जिले के वालुज पुलिस स्टेशन में आरोपिताें के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

