home page

‘विकसित महाराष्ट्र’ के लिए जिम्मेदारी और व्यापक दृष्टिकोण के साथ काम करें : विकास खारगे

 | 

मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र राजस्व विभाग के अपर मुख्य सचिव विकास खारगे ने सोमवार को कहा कि ‘विकसित महाराष्ट्र’ के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों को बदलते समय के अनुरूप नए कौशल विकसित कर भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहना चाहिए। साथ ही, सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय विकास खारगे आज मंत्रालय में राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए आयोजित ‘फाइल्स से भविष्य तक’ प्रशिक्षण सत्र को संबोधित कर रहे थे।

खारगे ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति में विशिष्ट क्षमताएं होती हैं। इसलिए दूसरों की नकल करने के बजाय अपनी क्षमता को पहचानकर उसका विकास करना चाहिए। प्रशासनिक कार्यों में सकारात्मक सोच के साथ जिम्मेदारी स्वीकार करने से अनुभव, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता बढ़ती है। इससे अधिकारियों की विश्वसनीयता मजबूत होती है और प्रशासन में सकारात्मक बदलाव लाने के अवसर मिलते हैं। उन्होंने कहा कि विकसित महाराष्ट्र के लक्ष्य की प्राप्ति के लिए विभिन्न सरकारी विभागों, संबंधित संस्थाओं और अन्य हितधारकों को आपसी समन्वय के साथ काम करना होगा। विकसित देशों की प्रशासनिक व्यवस्थाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वहां निर्धारित प्रक्रियाओं और मजबूत प्रणालियों के माध्यम से कार्यों में निरंतरता तथा सहयोग सुनिश्चित किया जाता है।

उन्होंने बताया कि राजस्व विभाग में भी ऐसी प्रभावी और सक्षम व्यवस्था विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं, जो अधिकारियों और कर्मचारियों के बदलने के बावजूद सुचारु रूप से काम करती रहे। इस दिशा में योगदान देने वाले अधिकारियों की उन्होंने सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि व्यक्तिगत जिम्मेदारी, निरंतर कौशल विकास, आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से ‘विकसित महाराष्ट्र’ के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

इस अवसर पर राजस्व मंत्री के निजी सचिव प्रवीण महाजन, अपर मुख्य सचिव के विशेष कार्य अधिकारी शिवाजी पाटिल, संयुक्त सचिव संपत सूर्यवंशी, भगवान सावंत, सत्यनारायण बजाज, कैलाश गायकवाड़, संजय बनकर, श्रीराम यादव, मनीषा जयाभाये, उप सचिव अश्विनी यमगर, गौरी म्हस्के सहित विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव