home page

विकसित भारत हेतु शिक्षा विषय पर राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन आज से मुंबई में

 | 

मुंबई, 01 अगस्त , (हि.स.)। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास द्वारा विकसित भारत हेतु शिक्षा विषय पर एक दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन आज नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसए), मुंबई में किया जा रहा है। यह सम्मेलन भारत के शिक्षा जगत, उद्योग, शासन और समाज के विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों के मध्य एक महत्वपूर्ण विचार-मंथन का मंच होगा, जिसमें विकसित भारत-2047 के निर्माण में शिक्षा की भूमिका पर व्यापक चर्चा होगी।

सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के माननीय सरकार्यवाह श्री दत्तात्रेय होसबाले जी का मार्गदर्शन प्राप्त होगा। साथ ही शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव डॉ. अतुल कोठारी जी, मध्यप्रदेश, राजस्थान, उत्तर प्रदेश एवं उत्तराखंड के शिक्षा मंत्री, देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, आईआईटी, आईआईआईटी एवं एनआईटी के निदेशक, शैक्षणिक संस्थानों के संचालक, प्रतिष्ठित उद्योगपति, शिक्षाविद, नीति-निर्माता तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़े अनेक वरिष्ठ प्रतिनिधि सम्मेलन में सहभागी होंगे।

सम्मेलन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन, भारतीय ज्ञान परंपरा, कौशल एवं रोजगारोन्मुख शिक्षा, शिक्षा-उद्योग समन्वय, नवाचार, अनुसंधान तथा विकसित भारत-2047 के लिए शिक्षा के रोडमैप जैसे विषयों पर सार्थक विचार-विमर्श किया जाएगा। सम्मेलन का स्वरूप राउंड-टेबल चर्चा का होगा, जिसमें देशभर से आमंत्रित लगभग 100 विशिष्ट प्रतिभागी भाग लेंगे।

शिक्षा में व्याप्त विकृतियाँ पर देशव्यापी शिक्षा बचाओ आन्दोलन चलाया गया उसके पश्चात देश की शिक्षा को एक नया विकल्प देने हेतु शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास का गठन किया गया। प्रारंभ में आधारभूत 6 विषयों पर प्रमुख रूप से कार्य हुआ, वर्तमान में 11 विषय, 3 आयाम, कार्य विभाग, 2 अभियान पर शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास कार्य कर रहा है। शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास अपने प्रारम्भ काल से ही शिक्षा में भारतीय ज्ञान परम्परा को आधार बनाकर वर्तमान एवं भविष्य की आधुनिक आवश्यकताओं का संयोजन करके देश की शिक्षा को एक नया विकल्प देकर भारतीय शिक्षा का पुनरुत्थान हो, इस दिशा में प्रयासरत है। यह राष्ट्रीय सम्मेलन शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत-2047 के संकल्प को गति देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव