वसई-विरार मैराथन का 13वां संस्करण 13 दिसंबर को, जुटेंगे 8 हजार धावक
मुंबई, 26 नवंबर, (हि. स.)। वसई-विरार शहर महानगरपालिका और वसई तालुका कला क्रीड़ा विकास मंडल द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की वसई-विरार महापौर मैराथन का 13वां संस्करण आगामी 13 दिसंबर, 2026 को आयोजित किया जाएगा। इसमें देश के शीर्ष धावकों सहित विभिन्न टाइमिंग दौड़ों में लगभग 8,000 प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। एशियाई और राष्ट्रमंडल रजत पदक विजेता ऊंची कूद एथलीट सर्वेश कुशारे 'इवेंट एंबेसडर' के रूप में हरी झंडी दिखाकर दौड़ की शुरुआत करेंगे।
विरार स्थित महानगरपालिका मुख्यालय में आयोजित पत्रकार परिषद में वसई-विरार शहर महानगरपालिका के महापौर अजीव पाटिल ने यह जानकारी दी। इस अवसर पर महानगरपालिका आयुक्त पृथ्वीराज बीपी तथा प्रतियोगिता के आयोजन से जुड़े अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
महापौर ने बताया कि इस वर्ष प्रतियोगिता में कुल 58 लाख रुपए के आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं। इसमें बैटल रन को भी बरकरार रखा गया है। फुल मैराथन विजेता को 3 लाख रुपए, जबकि हाफ मैराथन के प्रत्येक विजेताओं को 2 लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। इसके अलावा, वसई-विरार क्षेत्र के शौकिया धावकों को प्रोत्साहित करने के लिए उनके लिए रखे गए अलग पुरस्कार कोष में की गई वृद्धि इस वर्ष भी जारी रहेगी। इस वर्ष फुल मैराथन में लगभग 750, हाफ मैराथन में 3,300, 10 किमी में 2,500 और 5 किमी में 1,400 टाइमिंग धावक भाग लेंगे। पुरुष फुल मैराथन में 14 एलीट धावक भाग लेंगे। इनमें 2023 के विजेता सेना के तीर्थ कुमार पुन मुख्य आकर्षण होंगे। उनके साथ 2019 और 2022 के दो बार के विजेता मोहित राठौड़ एक बार फिर मैदान में उतरेंगे।
इसके अलावा 2024 के उपविजेता प्रदीप सिंह चौधरी, दिनेश सिंह, अर्जुन कुमार और निखिल संतोष सिंह भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। महिला हाफ मैराथन में महाराष्ट्र की तेजस्विनी लांबकाने और रवीना गायकवाड़ जैसी प्रमुख धाविकाएं भाग लेंगी। उन्हें दिल्ली हाफ मैराथन की पदक विजेता लिली दास, प्रीति और सोनिका परमार से चुनौती मिलेगी। फुल मैराथन तड़के 5:30 बजे न्यू विवा कॉलेज, विरार से, 10 किमी दौड़ तड़के 5:45 बजे न्यू विवा कॉलेज, विरार से, हाफ मैराथन सुबह 6 बजे विक्टर हाइट्स के बाहर, वसई पश्चिम से, 5 किमी दौड़ सुबह 6 बजे न्यू विवा कॉलेज, विरार से आरंभ होगी।
इस दिन विशेष मैराथन लोकल ट्रेन और बसों की सुविधा उपलब्ध रहेगी। हर साल की तरह इस वर्ष भी पश्चिम रेलवे की ओर से 13 दिसंबर को चर्चगेट से विरार के बीच दो विशेष मैराथन ट्रेनें चलाई जाएंगी। पहली स्लो लोकल चर्चगेट से तड़के 2:30 बजे छूटेगी, वसई रोड पर तड़के 3:53 बजे और विरार पर तड़के 4:05 बजे पहुंचेगी। दूसरी स्लो लोकल चर्चगेट से तड़के 3 बजे छूटेगी, वसई रोड पर तड़के 4:24 बजे और विरार स्टेशन पर तड़के 4:35 बजे पहुंचेगी। इसके अतिरिक्त, नायगांव, वसई रोड और विरार स्टेशनों से प्रतिभागियों को दौड़ के शुरुआती स्थान तक ले जाने के लिए महानगरपालिका की ओर से विशेष बसों की व्यवस्था भी की गई है।---------------
हिन्दुस्थान समाचार / कुमार

