home page

स्वतंत्रता दिवस पर ‘वंदे मातरम’ देशभक्ति गीत-नृत्य कार्यक्रम

 | 

मुंबई, 10 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सांस्कृतिक कार्य विभाग के अंतर्गत सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की ओर से शनिवार, 15 अगस्त को सुबह 11 बजे घाटकोपर (पश्चिम) स्थित श्रीमती भूरीबेन लक्ष्मीचंद गोलवाला ऑडिटोरियम, कामा लेन में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘वंदे मातरम’ का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रवेश सभी नागरिकों के लिए नि:शुल्क रहेगा।

सांस्कृतिक कार्य निदेशालय के अनुसारभारत का स्वतंत्रता दिवस प्रत्येक भारतीय के लिए गौरव, स्वाभिमान और राष्ट्र के प्रति समर्पण की भावना को मजबूत करने वाला अवसर है। ‘वंदे मातरम’ कार्यक्रम के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले ज्ञात-अज्ञात स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, साहस और बलिदान को श्रद्धापूर्वक याद किया जाएगा। साथ ही देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और संवैधानिक मूल्यों का संदेश दिया जाएगा।

कार्यक्रम में देशभक्ति गीत, संगीत और नृत्य प्रस्तुतियों के माध्यम से भारत के स्वतंत्रता संग्राम के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान, राष्ट्रीय एकता और भारतीय संस्कृति की विविधता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाएगा। भैरी भवानी परफॉर्मिंग आट्र्स और एस. पी. एन. दोशी कॉलेज के कलाकार विशेष देशभक्ति गीत एवं नृत्य प्रस्तुतियां देंगे। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के जरिए दर्शकों तक देशभक्ति, साहस, बलिदान और भारतीयता का प्रेरणादायी संदेश पहुंचाया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से नई पीढ़ी को स्वतंत्रता संग्राम के इतिहास, राष्ट्रीय नेताओं के योगदान और राष्ट्रीय एकता के मूल्यों से परिचित कराना है। यह कार्यक्रम सांस्कृतिक कार्य, इलेक्ट्रॉनिक्स, सूचना प्रौद्योगिकी एवं कृत्रिम बुद्धिमत्ता विकास मंत्री एडवोकेट आशीष शेलार की संकल्पना तथा सांस्कृतिक कार्य विभाग की सचिव डॉ. किरण कुलकर्णी के मार्गदर्शन में आयोजित किया जा रहा है।

सांस्कृतिक कार्य निदेशालय के निदेशक श्रीराम पांडे ने मुंबई और आसपास के नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं तथा कला-संस्कृति प्रेमियों से अपील की है कि वे इस विशेष देशभक्ति कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होकर स्वतंत्रता दिवस का उत्सव मनाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव