उल्हासनगर में दिनदहाड़े फायरिंग, एक की मौत, आरोपित फरार
मुंबई, 14 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई से सटे उल्हासनगर शहर के कैंप नंबर चार में बुधवार को अज्ञात आरोपितों ने एक युवक पर नजदीक से दो राउंड फायरिंग की और फरार हो गए। इस घटना में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही विठ्ठलवाड़ी पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और युवक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना की गहन छानबीन विठ्ठलवाड़ी पुलिस स्टेशन की टीम सीसीटीवी के सहयोग से कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतक की पहचान हरीश गजवानी के रुप में की गई है। प्राथमिक जानकारी के अनुसार हरीश गजवानी कैंप नंबर 4 इलाके में मौजूद थे, तभी अज्ञात हमलावर वहां पहुंचे। आरोप है कि हमलावरों ने बेहद करीब से उनके सिर पर एक के बाद एक दो गोलियां चलाईं। गोली लगने से गजवानी गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। गोलीबारी की आवाज सुनते ही घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों और यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित कथित तौर पर भीड़ का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही वि_लवाड़ी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ अधिकारी, पुलिसकर्मी और सहायक पुलिस आयुक्त शंकर अवताड़े घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का मुआयना कर पंचनामा किया । पुलिस ने आरोपितों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने के लिए आसपास की दुकानों और इमारतों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई है। आरोपियों की तलाश में इलाके में नाकाबंदी भी की गई है। फिलहाल पुलिस हत्या के पीछे संभावित कारणों की जांच कर रही है। पुरानी रंजिश, आर्थिक लेन-देन या आपसी गैंगवार समेत विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात ने उल्हासनगर में तनाव फैल गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

