उद्धव-राज ने की जंतर-मंतर पर छात्रों की पिटाई करने वालों पर कार्रवाई की मांग
मुंबई, 25 जुलाई, (हि.स.)। शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्रों की पिटाई करने वालों पर कार्रवाई करने की मांग की है।
शिवसेना (यूबीटी) अध्यक्ष उद्धव ठाकरे और महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) अध्यक्ष राज ठाकरे ने शनिवार को मुंबई में संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि रविवार को पूर्व नियोजित शिवाजी पार्क से सिद्धिविनायक मंदिर तक मार्च निकाला जाएगा। उद्घव ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग पूरी होने के बावजूद छात्रों की अन्य मांगें अभी लंबित हैं और उन्हें भी पूरा किया जाना चाहिए।
उन्होंने आंदोलन का नेतृत्व करने वाले अभिजीत दीपके को बधाई देते हुए कहा कि आंदोलन पूरी तरह समाप्त नहीं हुआ है। उन्हाेंने यह भी आरोप लगाया कि छात्र आंदोलन के दौरान सादे कपड़ों में कुछ लोग प्रदर्शन में शामिल हुए और प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस ने मामले दर्ज किए गए।
उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से इन मामलों पर स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। इन आरोपों पर संबंधित अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया उपलब्ध नहीं है। दोनों नेताओं ने नागरिकों और युवाओं से प्रस्तावित मार्च में शामिल होने की अपील की और कहा कि यह मार्च छात्रों की लंबित मांगों तथा केंद्र सरकार की नीतियों के विरोध में आयोजित किया जाएगा।
---------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

