बुलढ़ाणा में पूर्णा नदी में डूबने से दो बच्चों की मौत
मुंबई, 12 जुलाई (हि.स.)। महाराष्ट्र के बुलढ़ाणा जिले में रविवार को पूर्णा नदी में डूबने से दो नाबालिग बच्चों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही नांदुरा पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच अधिकारियों के अनुसार, नांदुरा शहर के वार्ड नंबर-1 निवासी दो बच्चे रविवार सुबह पूर्णा नदी में तैरने गए थे। उन्हें नदी की गहराई का सही अनुमान नहीं था। इसी दौरान पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बच्चों ने मदद के लिए शोर मचाया, लेकिन नदी का तेज बहाव और अधिक गहराई के कारण उन्हें बचाया नहीं जा सका।
घटना की जानकारी मिलते ही 'ओम साईं फाउंडेशन' की जलमित्र टीम मौके पर पहुंची और तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को नदी से बाहर निकाला गया और नांदुरा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान 14 वर्षीय कृष्णा बालू भोपाले और 12 वर्षीय प्रतीक शिवलाल वानखेड़े के रूप में हुई है। पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

