महाराष्ट्र: राज्यसभा की एक सीट पर महाविकास आघाड़ी में खींचतान
मुंबई, 02 मार्च। महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीटों के लिए होने वाले चुनाव से पहले महाविकास आघाड़ी (एमवीए) के सहयोगी दलों में एक सीट को लेकर खींचतान की स्थिति बन गई है। सात में से चार सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दावा मजबूत माना जा रहा है, जबकि दो सीटों पर शिवसेना (शिंदे समूह) और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा एपी) के पास पर्याप्त संख्याबल है।
राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि उनका प्रयास सभी सात सीटों का चुनाव निर्विरोध कराने का है। उन्होंने संख्याबल के आधार पर दलों से उम्मीदवार तय करने की अपील की है। भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी इच्छुक उम्मीदवारों के नाम केंद्रीय पार्लियामेंटरी बोर्ड को भेज चुकी है, जबकि शिंदे समूह की शिवसेना भी दो नामों पर विचार कर रही है।
उधर, महाविकास आघाड़ी के तीनों दलों शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे), कांग्रेस पार्टी और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के पास विधानसभा में कुल मिलाकर केवल एक सीट जिताने लायक संख्याबल है।
इस एक सीट के लिए शिवसेना यूबीटी के प्रवक्ता संजय राऊत तथा राकांपा (एसपी) की ओर से शरद पवार को उम्मीदवार बनाए जाने की इच्छा जताई गई है। वहीं, कांग्रेस ने भी राज्यसभा की एक सीट पर अपना दावा पेश कर दिया है, जिससे सहयोगी दलों के बीच असमंजस की स्थिति बन गई है।
सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव रमेश चेन्नीथला ने सोमवार को ‘मातोश्री’ में फोन कर शिवसेना यूबीटी प्रमुख उद्धव ठाकरे से राज्यसभा की एक सीट के लिए समर्थन मांगा। बदले में उन्होंने विधान परिषद चुनाव में उद्धव ठाकरे को समर्थन देने का आश्वासन दिया है। हालांकि इस पर अभी अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।
उल्लेखनीय है कि महाराष्ट्र विधानसभा की 288 सीटों में से शिवसेना यूबीटी के 20, कांग्रेस के 16 और राकांपा (एसपी) के 10 विधायक हैं। इस तरह से तीनों दल मिलकर केवल एक सीट पर ही जीत सुनिश्चित कर सकते हैं। ऐसे में उम्मीदवार चयन को लेकर महाविकास आघाड़ी के भीतर सहमति बनाना बड़ी चुनौती बन गया है।
चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र से राज्यसभा की सात सीटों के लिए मतदान 16 मार्च को तय किया है।-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

