पुणे में 21 वर्षीय प्रशिक्षु डॉक्टर ने की आत्महत्या
मुंबई, 09 सितंबर (हि.स.)। पुणे में बुधवार को दोपहर में एक 21 वर्षीय प्रशिक्षु डॉक्टर ने कटराज इलाके की एक रिहायशी सोसाइटी की ९वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की जानकारी मिलते ही भारती विद्यापीठ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले की छानबीन भारती विद्यापीठ पुलिस कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतका की पहचान माया रेड्डी के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, माया भारती यूनिवर्सिटी में एमबीबीएस के दूसरे वर्ष की छात्रा थीं और मूल रूप से हैदराबाद की रहने वाली थीं। पढ़ाई के सिलसिले में वह पुणे में रह रही थीं और कटराज स्थित एक सोसाइटी में किराए के मकान में रहती थीं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि माया ने यह कदम क्यों उठाया। पुलिस पढ़ाई के तनाव समेत अन्य संभावित कारणों की जांच कर रही है। मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वजह स्पष्ट हो सकेगी। इस घटना से इलाके और विश्वविद्यालय परिसर में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

