home page

बांद्रा टर्मिनस पर 75 दिन का ट्रैफिक ब्लॉक, कई ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन बदलेंगे

 | 
बांद्रा टर्मिनस पर 75 दिन का ट्रैफिक ब्लॉक, कई ट्रेनों के टर्मिनल स्टेशन बदलेंगे


-एक दिसंबर से 13 फरवरी तक प्लेटफॉर्म नंबर-5 पर होगा मरम्मत एवं पुनर्निर्माण कार्य-चार उपनगरीय ट्रेनें रहेंगी निरस्त

मुंबई, 28 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम रेलवे बांद्रा टर्मिनस के प्लेटफॉर्म संख्या-5 पर सीमेंट कंक्रीट (सीसी) एप्रन की मरम्मत और पुनर्निर्माण के लिए एक दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक 75 दिनों का ट्रैफिक ब्लॉक लेगा। इस दौरान कई मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों के प्रारंभिक एवं गंतव्य स्टेशनों में बदलाव किया जाएगा। वहीं, चार उपनगरीय ट्रेन सेवाएं निरस्त रहेंगी।

पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (सीपीआरओ) अरुण कुमार मीणा की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, ब्लॉक अवधि में कुछ मेल और एक्सप्रेस ट्रेनें बांद्रा टर्मिनस के बजाय दादर से चलाई जाएंगी, जबकि कुछ ट्रेनें दादर के स्थान पर बांद्रा टर्मिनस से रवाना होंगी। इसके अलावा कुछ ट्रेनों को बोरीवली स्टेशन पर ही समाप्त किया जाएगा या वहीं से शुरू किया जाएगा।

सीपीआरओ के अनुसार, 30 नवंबर 2026 से 12 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 22956 भुज-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनस के बजाय दादर में अपनी यात्रा समाप्त करेगी। इसके जवाब में एक दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 22955 बांद्रा टर्मिनस-भुज एक्सप्रेस दादर से 17:40 बजे रवाना होगी।

दो दिसंबर 2026 से 12 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 12990 अजमेर-दादर एक्सप्रेस दादर के बजाय बांद्रा टर्मिनस पर यात्रा समाप्त करेगी। वहीं, तीन दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 12989 दादर-अजमेर एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनस से 14:55 बजे रवाना होगी।

इसी तरह, एक दिसंबर 2026 से नौ फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 12489 श्रीगंगानगर-दादर एक्सप्रेस दादर के बजाय बांद्रा टर्मिनस पर समाप्त होगी। दो दिसंबर 2026 से 10 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 12490 दादर-श्रीगंगानगर एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनस से 14:55 बजे प्रस्थान करेगी।

30 नवंबर 2026 से 11 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 20483 भगत की कोठी-दादर एक्सप्रेस भी दादर के बजाय बांद्रा टर्मिनस पर समाप्त होगी। वहीं, एक दिसंबर 2026 से 12 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 20484 दादर-भगत की कोठी एक्सप्रेस बांद्रा टर्मिनस से 14:55 बजे रवाना होगी।

ब्लॉक के दौरान पांच एक्सप्रेस ट्रेनों का गंतव्य बांद्रा टर्मिनस के बजाय बोरीवली होगा। इनमें 30 नवंबर 2026 से 11 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 22904 भुज-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, एक दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 19056 उधना-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस और एक दिसंबर 2026 से 11 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 10116 मडगांव-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस शामिल हैं।

इसके अलावा दो दिसंबर 2026 से 10 फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 19723 जयपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस तथा छह दिसंबर 2026 से सात फरवरी 2027 तक चलने वाली ट्रेन संख्या 19625 दौराई-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस भी बोरीवली स्टेशन पर ही समाप्त होंगी।

वहीं, बांद्रा टर्मिनस से चलने वाली चार एक्सप्रेस ट्रेनों का प्रारंभिक स्टेशन बदलकर बोरीवली किया गया है। ट्रेन संख्या 19055 बांद्रा टर्मिनस-उधना एक्सप्रेस एक दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक बोरीवली से 09:40 बजे रवाना होगी। ट्रेन संख्या 10115 बांद्रा टर्मिनस-मडगांव एक्सप्रेस दो दिसंबर 2026 से 12 फरवरी 2027 तक बोरीवली से 07:25 बजे चलेगी।

इसी प्रकार, ट्रेन संख्या 19724 बांद्रा टर्मिनस-जयपुर एक्सप्रेस तीन दिसंबर 2026 से 11 फरवरी 2027 तक बोरीवली से 09:25 बजे और ट्रेन संख्या 19626 बांद्रा टर्मिनस-दौराई एक्सप्रेस सात दिसंबर 2026 से आठ फरवरी 2027 तक बोरीवली से 09:25 बजे रवाना होगी।

पश्चिम रेलवे ने ब्लॉक अवधि के दौरान चार उपनगरीय लोकल ट्रेन सेवाएं भी निरस्त करने का निर्णय लिया है। इनमें एक दिसंबर 2026 से 13 फरवरी 2027 तक चर्चगेट से 14:50 बजे बोरीवली जाने वाली ट्रेन संख्या BO90559 चर्चगेट-बोरीवली फास्ट लोकल शामिल है।

इसी अवधि में बोरीवली से 15:40 बजे चर्चगेट जाने वाली ट्रेन संख्या BO90596 बोरीवली-चर्चगेट स्लो लोकल, चर्चगेट से 17:28 बजे रवाना होने वाली ट्रेन संख्या BO94105 चर्चगेट-बोरीवली एसी फास्ट लोकल और बोरीवली से 18:24 बजे चलने वाली ट्रेन संख्या BO94110 बोरीवली-चर्चगेट एसी फास्ट लोकल भी निरस्त रहेंगी।

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अनुरोध किया है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेनों के बदले हुए प्रारंभिक और गंतव्य स्टेशनों तथा समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / कुमार