home page

तिरंगा मार्च से पहले सुरक्षा कड़ी, मुंबई पुलिस हाई अलर्ट पर

 | 

मुंबई, 25 जुलाई, (हि.स.)। रविवार को प्रस्तावित तिरंगा मार्च से पहले मुंबई पुलिस ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) प्रमुख उद्धव ठाकरे और मनसे अध्यक्ष राज ठाकरे द्वारा घोषित इस मार्च को देखते हुए पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं। यह जानकारी मुंबई पुलिस सूत्रों ने दी।

मुंबई पुलिस सूत्रों बताया कि शिवसेना (यूबीटी) और मनसे के प्रस्तावित तिरंगा मार्च के मद्देनजर आज वरिष्ठ अधिकारियों की टीम की बैठक मुंबई में आयोजित की गई थी। इस बैठक में तिरंगा मार्च को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर चर्चा की गई। इसके तहत शिवाजी पार्क, सिद्धिविनायक मंदिर, दादर, प्रभादेवी और आसपास के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। यातायात प्रबंधन के लिए भी विशेष योजना लागू की गई है और आवश्यकता पडऩे पर कुछ मार्गों पर डायवर्जन किया जा सकता है।

प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस के निर्देशों का पालन करें, अफवाहों पर ध्यान न दें और यात्रा से पहले ट्रैफिक एडवाइजरी की जानकारी अवश्य लें। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था का उद्देश्य मार्च के दौरान शांति बनाए रखना और आम लोगों को न्यूनतम असुविधा सुनिश्चित करना है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव