अमरावती में बाघ के हमले में किसान की मौत
मुंबई, 28 अगस्त (हि.स.)। महाराष्ट्र के अमरावती जिले की मोर्शी तहसील के भंबोरा गांव में शुक्रवार को बाघ के हमले में 52 वर्षीय एक किसान की मौत हो गई। इस घटना की जानकारी मिलते ही अमरावती पुलिस और वन विभाग के अधिकारी मौके पहुंचे। शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस घटना की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतक की पहचान चरणदास वासुदेव इखे के रुप में की गई है। इखे की पत्नी और बेटा सुबह अपने खेत में काम कर रहे थे, जबकि इखे पास के ही एक खेत में कपास के पौधों के बीच से खरपतवार हटा रहे थे। यह खेत उन्होंने गुरुवार को ही लीज़ पर लिया था। इसी दौरान खेत में छिपे एक बाघ ने उन्हें गर्दन से पकड़ा और घसीटते हुए पास के एक नाले की तरफ़ लगभग 200 फ़ीट दूर ले गया। उनकी चीख-पुकार सुनकर आस-पास के किसान मौके पर पहुंचे और शोर मचाया, जिससे बाघ भाग गया। हालाँकि, तब तक इखे की चोटों के कारण मौत हो चुकी थी। मामले की आगे की जांच चल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

