राहुल गांधी के दिल्ली मार्च में शामिल होने के लिए कांग्रेस पदाधिकारियों को धमकी दिए जाने का भाजपा का आरोप
मुंबई, 12 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी पर राहुल गांधी के दिल्ली मार्च में शामिल होने के लिए कांग्रेस पदाधिकारियों पर धमकी दिए जाने का आरोप लगाया है।
भाजपा के प्रदेश मुख्य प्रवक्ता बन ने आज प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में एक ऑडियो क्लिप का हवाला देते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक कांग्रेस के महासचिव एवं महाराष्ट्र प्रभारी अजय चिकारा पदाधिकारियों को तत्काल दिल्ली पहुँचने का निर्देश दे रहे हैं। ऐसा नहीं करने पर निलंबन की कार्रवाई करने और भविष्य में चुनाव लडऩे का अवसर नहीं देने की धमकी दिए जाने का भी दावा किया गया। उनहों ने कहा कि यह राहुल गांधी की कांग्रेस में कथित तानाशाही का उदाहरण है। उन्होंने कहा कि आंदोलन करना लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन इसके लिए पदाधिकारियों पर दबाव डालना उचित नहीं है। उनके अनुसार, रविवार को सामने आई ऑडियो क्लिप में महाराष्ट्र युवक कांग्रेस के पदाधिकारियों को अपने मौजूदा शहर छोडक़र सोमवार को दिल्ली पहुँचने का निर्देश दिए जाने की बात सुनाई देती है।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता विजय बडेट्टीवार ने कहा कि यह सब फालतू बातें हैं। कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं को इस तरह के किसी आदेश की जरुरत नहीं है, यह पूरा देश देख रहा है। भाजपा प्रवक्ता को अपनी पार्टी पर ध्यान देना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

