home page

ठाणे में पेड़ गिरने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त, एक घायल

 | 
ठाणे में पेड़ गिरने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त, एक घायल


मुंबई, 20 अक्टूबर (हि.स.)। ठाणे के वर्तक नगर में पोखरण रोड नंबर 1 पर कोरेस टावर्स के पास मंगलवार शाम को एक पेड़ गिरने से तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक व्यक्ति घायल हो गया। इस घटना में घायल व्यक्ति का इलाज डॉ. अनंत वैबेसे के ऑर्थो ट्रॉमा सेंटर में हो रहा है। इस घटना की छानबीन वर्तक नगर पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

ठाणे नगर निगम के अधिकारी ने बताया कि वर्तक नगर इलाके में एक पेड़ बीच से टूटकर चलती मोटरसाइकिल और खड़ी दो कारों पर गिर गया, जिससे एक 47 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना की सूचना मिलते ही नगर निगम के अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और बचाव व राहत कार्य शुरू किया। घायल व्यक्ति की पहचान महेश बाबू धुरी के रूप में हुई है। उनके सिर, चेहरे और हाथ में चोटें आई हैं। वर्तक नगर पुलिस स्टेशन के कर्मी, फायर ब्रिगेड और ठाणे आपदा प्रबंधन सेल की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड और आपदा प्रबंधन के कर्मचारियों ने गिरे हुए पेड़ को काटकर एक तरफ हटा दिया और रास्ते को साफ किया। इस घटना की छानबीन जारी है।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव