ठाणे जिले में प्रदीप पूर्णेकर हत्याकांड में पांच गिरफ्तार, जांच के लिए नौ टीमें गठित
मुंबई, 02 अक्टूबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में शिवसेना (यूबीटी) के नेता प्रदीप पूर्णेकर की हत्या के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को पांच संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। इनमें तीन महिलाएं और दो पुरुष हैं। इस मामले की छानबीन के लिए नौ टीमें गठित की गई हैं। इस मामले की जांच ठाणे पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि मीरा रोड से गिरफ्तार किए गए आरोपित इस मामले में फरार आरोपित संतोष कनौजिया के संपर्क मेें थे। जांच में एक महिला के कनौजिया के साथ वित्तीय लेन-देन की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस संदिग्धों की कॉल डिटेल और अन्य संपर्कों की जांच कर रही है। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। इन्हें समतानगर इलाके में छोडक़र आरोपित फरार हो गए थे। इनमें से एक मोटरसाइकिल महिला के नाम पर पंजीकृत है। दोनों वाहनों की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।
इस मामले की जांच के लिए डीसीपी (क्राइम ब्रांच) अमरसिंह जाधव के मार्गदर्शन में एसआईटी गठित की गई है। टीम में दो सहायक पुलिस आयुक्त समेत 23 अधिकारी और कर्मचारी शामिल हैं। आरोपितों की तलाश में नौ टीमें लगाई गई हैं, जिनमें दो टीमें राज्य से बाहर भेजी गई हैं। पुलिस ने हत्या के कुछ घंटे बाद पप्या शिंदे को गिरफ्तार किया था। उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। गुरुवार को उससे ठाणे एंटी-एक्सटॉर्शन स्क्वॉड कार्यालय में करीब चार घंटे पूछताछ की गई थी। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश करीब एक महीने पहले रची गई थी। आरोपितों ने पिस्टल, धारदार हथियार और मोटरसाइकिल की व्यवस्था की थी। हत्या में इस्तेमाल एक मोटरसाइकिल कुछ दिन पहले 25 हजार रुपये में खरीदी गई थी।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार रात अज्ञात हमलावरों ने प्रदीप पूर्णेकर की हत्या कर दी थी। गुरुवार को डीसीपी अमरसिंह जाधव ने घटनास्थल का निरीक्षण किया था। पुलिस ने मौके से कुछ संदिग्ध वस्तुएं भी बरामद की हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

