ठाणे में पहली प्रीपेड रिक्शा सेवा शुरू
मुंबई, 21 सितंबर (हि.स.)। ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर में यात्रियों और रिक्शाचालकों के बीच किराए को लेकर होने वाले विवाद, रिक्शों की कतारों और किराए की अनिश्चितता को दूर करने के उद्देश्य से सोमवार को प्रीपेड रिक्शा सेवा शुरू की गई।
स्व. वसंतराव डावखरे रिक्शा-टैक्सी चालक-मालिक महासंघ, ठाणे और ठाणे प्रादेशिक परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में शुरू हुई यह ठाणे की पहली प्रीपेड रिक्शा सेवा है। भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण के जन्मदिन के अवसर पर ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर में प्रीपेड रिक्शा स्टैंड और कक्ष का उद्घाटन किया गया।
रविंद्र चव्हाण ने कहा कि ठाणे रेलवे स्टेशन परिसर में रिक्शाें की कतारों, रिक्शाचालकों के बीच होने वाले विवाद और यात्रियों के साथ किराए को लेकर होने वाले मतभेद को रोकने के लिए पिछले डेढ़ से दो वर्षों से प्रीपेड रिक्शा सेवा शुरू करने के प्रयास किए जा रहे थे। विभिन्न प्रशासनिक और तकनीकी अड़चनों के बावजूद इस व्यवस्था को लागू करने के लिए लगातार प्रयास किए गए। उपक्रम के क्रियान्वयन के दौरान रिक्शाचालकों की दैनिक आय और उनके आर्थिक व्यवहार को भी ध्यान में रखा गया। रिक्शाचालक दिनभर की कमाई उसी दिन अपने परिवार की जरूरतों के लिए घर ले जाते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए व्यवस्था में आवश्यक बदलाव किए गए।
विधायक निरंजन डावखरे ने इस सुविधा को तत्काल मंजूरी देने के लिए परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि नई व्यवस्था के तहत दिनभर के व्यवसाय का पूरा हिसाब शाम को रिक्शाचालक के बैंक खाते में जमा किया जाएगा। सभी रिक्शाचालकों की राशि सीधे उनके बैंक खातों में जाएगी, जिससे उनके परिवारों को भी इसका लाभ मिलेगा।
डावखरे ने इस व्यवस्था में सहयोग के लिए सिटीफ्लो का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रीपेड सेवा के माध्यम से यात्रियों को यात्रा शुरू करने से पहले ही निर्धारित किराए की जानकारी मिल जाएगी। इससे किराए को लेकर होने वाली अनिश्चितता कम होगी और यात्रियों तथा रिक्शाचालकों के बीच संभावित विवादों को रोकने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर कोकण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधायक निरंजन डावखरे, विधायक संजय केलकर, ठाणे प्रादेशिक परिवहन विभाग के अधिकारी, रिक्शा यूनियन के अध्यक्ष मारुति सावंत, यूनियन के पदाधिकारी, महिला पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में रिक्शाचालक उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

