home page

ठाणे के बिल्डिंग में आग लगने से हडक़ंप, कोई हताहत नहीं

 | 

मुंबई, 07 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के लुइसवाड़ी इलाके में सोमवार को एक रिहायशी बिल्डिंग में आग लगने से हडक़ंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। इस घटना की छानबीन ठाणे पुलिस कर रही है।

ठाणे नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि सोमवार सुबह करीब 8.48 बजे इमरजेंसी सर्विस को लुइसवाड़ी की राजतारा सोसाइटी में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद ठाणे फायर ब्रिगेड की एक रेस्क्यू गाड़ी, एक फायर इंजन और पानी का टैंकर मौके पर पहुंचा। आग बिल्डिंग के चौथी मंजिल पर स्थित एक फ्लैट में लगी थी और आग लगने की भनक लगते ही इस फ्लैट में रहने वाले दो लोग तत्काल बाहर निकल गए थे।

रीजनल डिजास्टर मैनेजमेंट सेल की टीम ने भी राहत और बचाव अभियान में हिस्सा लिया। हालात को नियंत्रित करने के लिए बिजली विभाग समेत संबंधित एजेंसियों की मदद ली गई। एहतियात के तौर पर बिल्डिंग में रहने वाले करीब 40 से 45 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। जिससे इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। लेकिन आग की वजह से फ्लैट में रखा घरेलू सामान बड़े पैमाने पर जल गया। इनमें फ्रिज, वॉटर फिल्टर, लकड़ी का देवघर, अलमारी, किचन के बर्तन, कपड़े और बिजली के तार समेत कई सामान शामिल हैं। ठाणे पुलिस की टीम आग लगने के कारणों का पता लगा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव