ठाणे के घोड़बंदर रोड पर कंटेनर में लगी आग, कोई हताहत नहीं
मुंबई, 24 अक्टूबर (हि.स.)। ठाणे जिले के घोड़बंदर रोड पर कासारवडवली इलाके में शनिवार को दोपहर में एक कंटेनर के केबिन में अचानक आग लग गई। इससे इलाके में भारी ट्रैफिक जाम हो गया।
इस घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर तत्काल पहुंचकर आग पर काबू पा लिया। इस घटना में कोई हतााहत नहीं हुआ है, घटना की छानबीन कासारवडवली पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि टाटा कंपनी का कंटेनर आज वसई से पुणे की ओर जा रहा था। कंटेनर जैसे ही ठाणे के घोडबंदर रोड पर कासारवडवली इलाके में पहुंचा, कंटेनर के केबिन में अचानक आग लग गई। इसकी भनक लगते ही कंटेनर चालक श्रीकृष्ण तडास ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक को सडक़ किनारे रोका और सुरक्षित बाहर निकल गए।
इस घटना की सूचना मिलते ही कासरवडवली पुलिस स्टेशन, ट्रैफिक पुलिस, ठाणे आपदा प्रबंधन विभाग और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग बुझाने के लिए दमकल विभाग ने एक फायर इंजन और एक बचाव वाहन तैनात किया। आपदा प्रबंधन कर्मियों के सहयोग से दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया गया। आग इतनी भीषण थी कि कंटेनर का केबिन पूरी तरह जलकर खाक हो गया।
हादसे के कारण घोड़बंदर रोड पर यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई और कुछ समय तक भारी जाम लगा रहा। पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने स्थिति संभालने के लिए आवश्यक कदम उठाए। फिलहाल, ट्रक में आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

