ठाणे में 5.66 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ बरामद, चार गिरफ्तार
मुंबई, 23 सितंबर (हि.स.)। ठाणे सिटी क्राइम ब्रांच की एंटी-नारकोटिक्स सेल (एएनसी) की टीम ने शहर में दो अलग-अलग छापेमारी कर चार आरोपितों को 5.66 करोड़ रुपये कीमत के नशीले पदार्थों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से 2.48 किलोग्राम से अधिक मेफेड्रोन (एमडी) बरामद की है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 5.66 रुपये करोड़ बताई गई है। इस मामले की गहन छानबीन ठाणे क्राइम ब्रांच की टीम कर रही है।
इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि ठाणे पुलिस कमिश्नरेट के निर्देश पर की गई पहली कार्रवाई घोड़बंदर रोड के पास हुई। पुलिस ने एक्सेस स्कूटर पर सवार दो आरोपियों को रोका। उनकी पहचान मोजिज़ अब्दुल कादिर शेख (47) और तबरेज़ अब्दुल शेख (49) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से 567 ग्राम एमडी बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने कोपरी इलाके में दूसरी कार्रवाई की। यहां अब्दुल रहमान मोहिउद्दीन कादिर शेख (33) और आबिद मोहम्मद अली शेख (27) को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से पुलिस ने करीब 1.915 किलोग्राम एमडी बरामद की। दोनों मामलों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच एजेंसियां अब जब्त किए गए ड्रग्स के स्रोत और इसके पीछे सक्रिय सप्लाई नेटवर्क का पता लगाने में जुटी हैं। ठाणे पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि उन्हें किसी भी तरह की गैर-कानूनी गतिविधि या नशीले पदार्थों की तस्करी से संबंधित जानकारी मिले तो इसकी सूचना पुलिस को दें। पुलिस ने जानकारी देने वाले नागरिकों की पहचान गोपनीय रखने का भी आश्वासन दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

