home page

ठाणे सड़क दुर्घटना मामले में सीमेंट मिक्सर चालक गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 14 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले के मुरबाड़ में हुई सड़क दुर्घटना मामले में पुलिस ने हादसे के लिए जिम्मेदार सीमेंट मिक्सर चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मुरबाड़ पुलिस स्टेशन की टीम सीमेंट मिक्सर चालक कमलेश यादव से गहन पूछताछ कर रही है। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई थी।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने आज बताया कि सोमवार को मुरबाड़ में एक पिकअप वाहन और सीमेंट मिक्सर की जोरदार टक्कर में ११ लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में बीती रात सीमेंट मिक्सर चालक कमलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है। इस घटना में सभी मृतकों का पोस्टमार्टम कर लिया गया है और १० मृतकों के शव उनके रिश्तेदारों को सौंप दिया गया है। एक मृतक के रिश्तेदार मध्यप्रदेश से मुरबाड़ के लिए निकल चुके हैं। आज इस घटना के ११ वें मृतक का शव भी उनके रिश्तेदारों को सौप दिया जाएगा। इस घटना की छानबीन की जा रही है।

उप क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आशुतोष बरकुल ने आज बताया कि यात्रियों से अनधिकृत वाहनों में यात्रा करने से बचने और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन विकल्पों को चुनने की अपील की गई है। कल्याण उप-क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय ने पिछले साल अवैध परिवहन में शामिल 1,896 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की है और 25.67 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। बरकुल ने कहा, विशेष टीमें और उडऩदस्ते नियमित निरीक्षण कर रहे हैं और अवैध परिवहन में शामिल वाहनों के खिलाफ कार्रवाई कर रहे हैं। गलती करने वाले ड्राइवरों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया जाता है और उनके वाहनों को जब्त कर लिया जाता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव