home page

ठाणे में दो वाहनों की टक्कर में तीन लोगों की मौत

 | 

मुंबई, 28 सितंबर (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में टोकावडे-मालशेज हाइवे पर करचोंडे जंक्शन के पास सोमवार को सुबह दो पिकअप वाहनों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में पिता और पुत्र सहित तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना की सूचना मिलते ही टोकावड़े पुलिस स्टेशन की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और मृतकों का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि इस घटना में मृतकों की पहचान खेड़ले गांव निवासी मारुति तुकाराम खापरे, उनके बेटे अजीत मारुति खापरे और राम मालू सपाते के रूप में हुई है। प्राथमिक सूचना में बताया गया कि मारुति खापरे, अजीत खापरे और राम सपाते एक पिकअप वाहन से आलेफाटा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान मुर्गियां ले जा रहे दूसरे पिकअप वाहन ने ओवरटेक करने का प्रयास किया। इसी दौरान दोनों वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

इस घटना की सूचना मिलते ही टोकावडे पुलिस स्टेशन के पुलिस निरीक्षक शीतलकुमार नाइक पुलिसकर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव