ठाणे जिले के मीरा रोड में दो सुरक्षा रक्षकों पर धर्म पूछकर जानलेवा हमला, जांच जारी
मुंबई, 28 अप्रैल (हि.स.)। महाराष्ट्र के ठाणे जिले में मीरा रोड के पास नया नगर इलाके में अस्मिता ग्रैंड मेंशन के पास एक शख्स ने दो सुरक्षा रक्षकों पर उनका धर्म पूछकर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में दोनों घायलों का इलाज जारी है। नयानगर पुलिस स्टेशन की टीम नेे आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और आज आरोपित से महाराष्ट्र एटीएस की टीम पूछताछ कर रही है।
इस घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि दोनों सुरक्षा रक्षक अस्मिता गैंड मेंशन में सुरक्षा रक्षक के रुप में काम पर थे। सोमवार को शाम को 31 साल के जबार जुबैर अंसारी नामक आरोपित दोनों के पास गया और आरोपित ने सुरक्षा रक्षकों से पहले रास्ता पूछा, फिर उनका धर्म पूछा, फिर एक को इस्लामी कलमा पढऩे के लिए मजबूर किया। जब सुरक्षा रक्षक कमला नहीं पढ़ पाए तो आरोपित अंसारी ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। इस हमले में सुरक्षा रक्षक राजकुमार मिश्रा और सुब्रतो सेन घायल हो गए। इन दोनों का इलाज जारी है, इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि आरोपित को तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया और उसके घर की तलाशी ली गई। घर की तलाशी में हाथ से लिखे नोट मिले, जिसमें आईएसआईएस में शामिल होने का इरादा लिखा था। नोट में उसने कथित तौर पर हमले को आतंकी संगठन में शामिल होने की दिशा में अपना पहला कदम बताया है। अब तक की छानबीन में पता चला है कि साइंस ग्रेजुएट अंसारी कई सालों तक यूएस में रहा था, लेकिन काम न मिलने पर वह भारत लौट आया। वह मीरा रोड में अकेला रहता था और ऑनलाइन केमिस्ट्री क्लास चलाता था। पुलिस ने आरोपित का मोबाइल, लैपटाप बरामद कर लिया है और उसे स्कैन कर रही हैं। आगे की जांच चल रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने आज कहा कि यह बहुत ही गंभीर घटना है। इस घटना की छानबीन महाराष्ट्र एटीएस हर एंगल से कर रहा है। इस घटना में आरोपित अमेरिका रह चुका है और उसके किस किसके साथ संबंध है, इसकी गहन छानबीन की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

