home page

ठाणे जिले में 1.5 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स समेत चार तंजानियाई नागरिक गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 31 अक्टूबर (हि.स.)। ठाणे जिले के मुंब्रा में पुलिस ने चार तंजानियाई नागरिकों को 1 करोड़ 49 लाख 90 हजार रुपये कीमत की 1 किलो 498.5 ग्राम मेफेड्रोन (एमडी) के साथ गिरफ्तार किया है। इन आरोपितों के पास से मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य सामान भी बरामद किया गया है। इस मामले की छानबीन मुंब्रा पुलिस स्टेशन की टीम कर रही है।

इस मामले की जांच कर रहे पुलिस अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों की पहचान राशिद मुज़म्मिल सईदी, हसन नुम्बे अली (34), केविन एडॉल्फ वोसा (26) और ओबियाली एलेक्स ज़ेंडर विडिबेरे (34) के रूप में हुई है। पुलिस ने चार में से तीन आरोपियों के पासपोर्ट बरामद किए हैं। जांच में पता चला है कि इनमें से दो के वीजा की अवधि समाप्त हो चुकी थी।

यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त आशुतोष डुंबरे के आदेश के बाद मुंब्रा पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गणेश जवादवाड़ के नेतृत्व में सहायक पुलिस निरीक्षक विनायक माने और उनकी टीम ने सम्राटनगर इलाके में छापेमारी की थी। इस दौरान दो अलग-अलग जगह रखे गए आरोपितों के कब्जे से 352.5 ग्राम एमडी पाउडर (कीमत 35 लाख 25 हजार रुपये) और 1 किलो 146 ग्राम एमडी पाउडर (कीमत 1 करोड़ 14 लाख 65 हजार रुपये) बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक तराजू और अन्य सामग्री भी जब्त की है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि चारों आरोपित कब से मुंब्रा में रह रहे थे और किस प्रकार के वीजा पर भारत आए थे। उनके खिलाफ पहले से कोई आपराधिक मामला दर्ज है या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है। इसके अलावा पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि मुंब्रा में आरोपितों को किसने पनाह दी थी और स्थानीय स्तर पर उनकी मदद कौन कर रहा था। एमडी ड्रग्स की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, इसकी भी गहन जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव