पूर्व मंत्री तानाजी सावंत के भतीजे समेत सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल
मुंबई, 18 मार्च (हि.स.)। मुंबई में बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को उस समय बड़ी मजबूती मिली, जब महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री तानाजी सावंत के भतीजे और धाराशिव जिला परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष धनंजय सावंत की पत्नी ज्योति सावंत सहित सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा में शामिल हो गए।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित एक सादे कार्यक्रम में इन सभी ने औपचारिक रूप से पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण ने सभी नए सदस्यों का स्वागत करते हुए कहा कि पार्टी में उन्हें उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।
रवींद्र चव्हाण ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में देश और महाराष्ट्र में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर ये कार्यकर्ता भाजपा से जुड़े हैं। उन्होंने कहा कि “राष्ट्र प्रथम” (नेशन फर्स्ट)की भावना के तहत देश को सर्वोच्च स्थान पर पहुंचाने का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नए कार्यकर्ताओं के जुड़ने से संगठन और अधिक मजबूत होगा और आगामी समय में पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

