home page

पवई आईआईटी में छात्र की आत्महत्या के बाद कैंपस में छात्रों का प्रदर्शन

 | 

मुंबई, 19 सितंबर (हि.स.)। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) पवई के एक छात्र की आत्महत्या के बाद शनिवार को करीब चार सौ छात्रों ने संस्थान प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया है। इस मामले में पवई पुलिस स्टेशन के बीच बचाव के बाद मामला शांत हुआ और पवई पुलिस स्टेशन छात्र की आत्महत्या से जुड़े हर पहलू की जांच का आश्वासन दिया है ।

इस मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि पवई आईआईटी के 19 वर्षीय छात्र साहिल ने शुक्रवार शाम को अपने हॉस्टल के कमरे में फांसी के फंदे से लटक कर आत्महत्या कर लिया था। यह घटना मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन के इस्तेमाल को लेकर हुई कार्रवाई के कुछ घंटे बाद सामने आई। मौके की सूचना मिलते ही पवई पुलिस स्टेशन की टीम ने छात्र का शव बरामद कर राजावाड़ी अस्पताल में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था।

इस घटना की जानकारी मिलते ही छात्र के माता-पिता पवई स्थित आईआईटी कैंपस पहुंचे। मां ने संस्थान के प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया है कि उनके बेटे को पीटा गया और मानसिक रूप से प्रताडि़त किया गया। इसके बाद छात्र के मां-बाप ने भी संस्थान के खिलाफ प्रताडऩा का मामला पवई पुलिस स्टेशन में दर्ज करवाया। हालांकि पवई आईआईटी प्रशासन ने इन आरोपों से इनकार किया है।

पवई आईआईटी के एक अधिकारी ने बताया कि मिड-सेमेस्टर परीक्षा के दौरान साहिल ने कथित तौर पर अपने मोबाइल फोन से प्रश्नपत्र की तस्वीर लेकर चैटजीटीपी के जरिए जवाब तलाशने की कोशिश की थी। परीक्षा के दौरान इनविजिलेटर ने उसे मोबाइल फोन इस्तेमाल करते हुए पकड़ लिया। संस्थान के अनुसार, घटना के बाद विभागाध्यक्ष और कुछ प्रोफेसरों ने साहिल को बुलाकर उससे बातचीत और काउंसलिंग की। प्रशासन का दावा है कि उसे हॉस्टल वापस भेज दिया गया था और उसके खिलाफ तत्काल कोई सख्त या अनुशासनात्मक कार्रवाई नहीं की गई थी। संस्थान के मुताबिक, छात्र को यह भी बताया गया था कि इस घटना का उसके अकादमिक करियर पर असर नहीं पड़ेगा।

साहिल की मौत की खबर फैलने के बाद आईआईटी मुंबई कैंपस में 400 से छात्रों मेन बिल्डिंग के बाहर जमा हुए और विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने घटना के बाद परीक्षा जारी रखने को लेकर भी सवाल उठाए। छात्रों का कहना है कि इतनी गंभीर घटना के बावजूद संस्थान ने परीक्षाएं स्थगित नहीं कीं। फिलहाल पवई पुलिस छात्र की मौत से पहले की घटनाओं, संस्थान की कार्रवाई और परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों की भी जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव