home page

महाराष्ट्र छात्र आंदोलन में दर्ज मामले वापस लेने की प्रक्रिया शुरु करें : मुख्यमंत्री

 | 
महाराष्ट्र छात्र आंदोलन में दर्ज मामले वापस लेने की प्रक्रिया शुरु करें : मुख्यमंत्री


मुंबई, 28 जुलाई, (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मंगलवार को पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हुए छात्र आंदोलनों के दौरान दर्ज मामलों को वापस लेने की प्रक्रिया शुरू करने का निर्देश गृहविभाग को दिया है। मुख्यमंत्री ने यहां कहा कि संबंधित अदालतों से आवश्यक अनुमति मिलने के बाद इन मामलों को वापस लिया जाएगा।

राज्य सरकार के गृह विभाग की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री की ओर से आज मिले निर्देशों के बाद 26 जुलाई शाम 6 बजे से पहले राज्यभर में हुए विरोध प्रदर्शनों में शामिल किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सरकार कोई दंडात्मक या प्रतिशोधात्मक कानूनी कार्रवाई नहीं करेगी। हालांकि राज्य सरकार की ओर से छात्रों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की प्रकिया शुरु की जाएगी, लेकिन छात्रों के विरुद्ध दर्ज मामले संबंधित अदालत की अनुशंशा के बाद ही वापस लिए जा सकेंगे।

महाराष्ट्र सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए सीजेपी के प्रवक्ता सौरव दास ने इसे छात्रों के लिए बड़ी राहत बताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा कि संगठन की प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ घंटों बाद ही प्रदर्शनकारियों के पक्ष में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में जंतर-मंतर पर छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में महाराष्ट्र में मुंबई सहित कई जिलों में छात्रों में जोरदार आंदोलन किया गया था। इन आंदोलनों के खिलाफ मुंबई में छात्र आंदोलकों पर सर्वाधिक मामले दर्ज किए गए थे, जबकि राज्य के कई जिलों में भी आंदोलन कर रहे छात्रों पर मामले दर्ज किए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव