home page

कल्याण में वंदे भारत एक्सप्रेस पर पथराव करने वाला आरोपित गिरफ्तार

 | 

मुंबई, 13 मार्च (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुंबई से सटे कल्याण स्टेशन के पास मुंबई सीएसएमटी से शिरडी जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर शुक्रवार को पथराव करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कल्याण रेलवे पुलिस पकड़े गए युवक सनी कांबले से पूछताछ कर रही है।

इस घटना की छानबीन कर रहे कल्याण रेलवे पुलिस के अधिकारी ने बताया कि आज सुबह वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई से शिरडी जा रही थी। ट्रेन जैसे ही कल्याण से पहले पतरी पुल के पास पहुंची सनी कांबले नामक युवक ने गाड़ी पर पथराव कर दिया था। इस घटना में वंदे भारत एक्सप्रेस के कोच सी-२ और सी-३ की कांच फूट गई, लेकिन कोई हताहत नहीं हुआ। सनी कांबले ने बंदे भारत सहित अन्य गाड़ियों पर पथराव किया था।

इस घटना की जानकारी मिलते ही कल्याण रेलवे पुलिस ने पथराव करने वाले युवक सनी कांबले को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जानकारी में पता चला है कि आरोपित युवक ने हंगामा करने के लिए यह हरकत की थी। हालांकि इस घटना की हर ऐंगिल से गहन छानबीन जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव