home page

महाराष्ट्र के एसटी महामंडल की सभी बसों को इलेक्ट्रिक बसों से बदला जाएगा: देवंद्र फडणवीस

 | 

मुंबई, 01 जून (हि.स.)। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को मुंबई में कहा कि राज्य के एसटी महामंडल की सभी बसों को इलेक्ट्रिक बसों से बदल दिया जाएगा। इसलिए अधिकारियों को राज्य के सभी जगह इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग स्टेशन लगाने की शुरुआत कर देना चाहिए।

मुख्यमंत्री फडणवीस आज महाराष्ट्र राज्य परिवहन निगम के अधिकारियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 'विकसित महाराष्ट्र' के तहत एसटी महामंडल की सभी बसों को इलेक्ट्रिक बसों में बदलने का लक्ष्य रखा गया है। इसके तहत एसटी महामंडल की बसों को 2029 तक 50 प्रतिशत, 2035 तक 80 प्रतिशत और 2047 तक 100 प्रतिशत को सभी बसों को इलेक्टिक बसों में बदल दिया जाएगा। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बसों के लिए ज़रूरी चार्जिंग स्टेशन बनाने के काम में तेज़ी लाने के निर्देश दिए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस रूट पर इको-फ्रेंडली ई-बसें चलाई जानी हैं, उसकी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके स्टडी की जाए। जैसे ही सप्लायर से बसें मिलें, अगले 7 दिनों में उनकी जांच की जाए। इन बसों के लिए एक इकोसिस्टम बनाया जाए। जिस रूट पर प्राइवेट बसें चलती हैं, उसकी भी स्टडी की जाए और ई-बसों का विकल्प तैयार किया जाए।

राज्य सरकार की मौजूदा ई-व्हीकल पॉलिसी के तहत पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम में ई-बसों का इस्तेमाल बढ़ाने के लिए इंसेंटिव दिए जा रहे हैं। इस पॉलिसी के मुताबिक, 1,500 ई-बसों को बस की कीमत का 10 परसेंट या ज़्यादा से ज़्यादा 20 लाख रुपये की सब्सिडी देने का प्रोविजन किया गया है। यह पॉलिसी राज्य में इको-फ्रेंडली और सस्टेनेबल पब्लिक ट्रांसपोर्ट सिस्टम बनाने के लिए ज़रूरी है। महाराष्ट्र स्टेट रोड ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन अभी जीसीसी मॉडल पर 5,150 ई-बसों का एक बड़ा प्रोजेक्ट लागू कर रहा है। मुख्यमंत्री फडणवीस ने कहा कि यह प्रोजेक्ट राज्य के यात्रियों को मॉडर्न, आरामदायक और प्रदूषण-मुक्त यात्रा की सुविधा देगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी लोकेश चंद्र, एडिशनल चीफ सेक्रेटरी संजय सेठी, एसटी महामंडल के वाइस चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. माधव कुसेकर, मुख्यमंत्री के इन्वेस्टमेंट एडवाइजर कौस्तुभ धावसे, डिप्टी सेक्रेटरी चेतन निकम आदि उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव