शिवसेना यूबीटी के उपनेता शरद कोली गिरफ्तार
मुंबई, 05 अक्टूबर (हि.स.)। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के उपनेता शरद कोली को सोलापुर ग्रामीण पुलिस ने महाराष्ट्र प्रिवेंशन ऑफ डेंजरस एक्टिविटीज (एमपीडीए) के तहत गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उन्हें यरवदा केंद्रीय जेल में भेज दिया है। कोली के खिलाफ जबरन वसूली और धमकी समेत करीब नौ मामले दर्ज हैं।
मामले की छानबीन कर रहे पुलिस अधिकारी के सोमवार को बताया कि शरद कोली के खिलाफ एमपीडीए के तहत कार्रवाई का आदेश करीब एक सप्ताह पहले जारी किया गया था। आदेश जारी होने के बाद से वह फरार था। सोलापुर ग्रामीण पुलिस की स्थानीय अपराध शाखा ने कार्रवाई करते हुए उसे रविवार देररात सांगली से गिरफ्तार किया। इसके बाद कोर्ट में पेश किया गया जहां से कोली को येरवडा जेल में भेज दिया गया है।
शरद कोली मूल रूप से सोलापुर जिले के मोहोल तहसील के अर्धनगरी गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने वर्ष 2012 में शिवसेना के साथ राजनीतिक गतिविधियों की शुरुआत की थी। बाद में उन्होंने ‘धड़ास’ नामक सामाजिक संगठन बनाया और इसके माध्यम से सोलापुर समेत विभिन्न क्षेत्रों में संगठनात्मक गतिविधियां चलाईं। शिवसेना में विभाजन के बाद वर्ष 2022 में कोली उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाले गुट में शामिल हुए। उन्हें युवा सेना के विस्तार की जिम्मेदारी दी गई और उन्होंने सोलापुर, लातूर तथा धाराशिव में संगठनात्मक कार्यक्रमों में भाग लिया। अक्टूबर 2023 में उन्हें शिवसेना (यूबीटी) का उपनेता बनाया गया।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

