शिवसेना यूबीटी अपना जनाधार गवां चुकी है : भाजपा
मुंबई, 04 जून (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी(भाजपा)के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता नवनाथ बन ने गुरुवार को कहा कि शिवसेना (यूबीटी) सूबे में अपना जनाधार गवां चुकी है। इसी वजह से विधान परिषद चुनाव में इस पार्टी का कोई नेता विधान परिषद तक नहीं पहुंचेगा।
नवनाथ आज भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिवसेना यूबीटी में अब कार्यकर्ता नहीं रह गए हैं। पार्टी के नेता हरदम सिर्फ अनर्गल आरोप लगाते रहते हैं। शिवसेना यूबीटी के नेता संजय राऊत का यह कहना कि विधान परिषद चुनाव अब पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा संचालित नहीं होते हैं। इसको लेकर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे।
बन ने कहा कि राऊत का व्यक्तव्य पूरी तरह से निराधार है। जिस पार्टी के पास कोई सक्रिय कार्यकर्ता नहीं होता, वह इसी तरह का व्यक्तव्य जारी करते हैं। जबकि विधानपरिषद का चुनाव जमीनी स्तर पर चुने गए नगर निगम और जिला परिषद चुनावों में चुने गए पार्षदों के वोट से होता है। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर शिवसेना यूबीटी के पास कार्यकर्ता न होने की वजह से उनके पास पार्षद नहीं चुने गए हैं। इसलिए अपनी पार्टी की जमीनी सच्चाई छिपाने के लिए संजय राउत इस तरह का आरोप लगा रहे है, जो बिल्कुल निराधार है।
उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र विधान परिषद चुनाव में भाजपा उम्मीदवारों को आशातीत सफलता मिलने वाली है, इसी वजह संजय राऊत इस तरह की बयानबाजी कर रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

