home page

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार का हार्ट अटैक से निधन

 | 

मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मुंबई के कुरार पुलिस स्टेशन में तैनात वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक सुशील कुमार गायकवाड़ का मंगलवार को हार्ट अटैक से निधन हो गया। इस घटना से पुलिस विभाग में शोक का माहौल है।

कुरार पुलिस ने बताया कि सुशील गायकवाड़ आज सुबह ड्यूटी के लिए घर से निकलते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई। सुशील कुमार ने कुछ महीने पहले ही कुरार पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक का पदभार संभाला था। इससे पहले वे पुलिस इंस्पेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। हाल ही में प्रमोशन मिलने के बाद उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

इस घटना के बाद पुलिसकर्मियों की सेहत और काम के दबाव को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू हो गई है। पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराधों की जांच करने और नागरिकों की शिकायतों का निपटारा करने जैसी कई जिम्मेदारियां निभानी पड़ती हैं। अनियमित ड्यूटी और लंबे कार्य घंटों के बीच उन्हें लगातार चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव