गढ़चिरौली के आश्रम स्कूल में सर्पदंश से तीन छात्राओं की मौत, तीन घायल
मुंबई, 10 अगस्त, (हि.स.)। महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले के धनोरा तहसील स्थित जपतलाई निवासी आश्रम स्कूल में बीती रात सर्पदंश से तीन छात्राओं की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य छात्राओं का धानोरा ग्रामीण अस्पताल में इलाज चल रहा है। गंभीर हालत वाली एक छात्रा को डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को इस घटना की तत्काल छानबीन करने और उसकी रिपोर्ट तत्काल राज्य सरकार को सौंपने का आदेश जिला प्रशासन को दिया है।
इस मामले की छानबीन कर रहे जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि जपतलाई निवासी आश्रम स्कूल में बीती रात करीब 2 से 2.30 बजे के बीच छात्राएं भोजन के बाद सो रही थीं, तभी छह छात्राओं को सांप ने काट लिया। घटना की जानकारी मिलते ही सभी प्रभावित छात्राओं को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। धनोरा ग्रामीण अस्पताल में इलाज के दौरान कक्षा 6 की दीपिका लकड़ा और कक्षा 8 की सुष्मिता मंडल की मौत हो गई। इसके बाद गढ़चिरौली जिला अस्पताल में उपचार के दौरान कक्षा 2 की अनु कोरेटी ने भी दम तोड़ दिया।
सर्पदंश से प्रभावित तीन अन्य छात्राओं का गढ़चिरौली जिला अस्पताल में इलाज जारी है। इनमें कक्षा 5 की दीपिका मडावी, कक्षा 6 की कविता किरंगा और कक्षा 8 की समृद्धि सुरेश नैतम शामिल हैं। समृद्धि नैतम की हालत गंभीर बताई जा रही है। तीनों छात्राओं को एंटी-वेनम दिया गया है और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
गढ़चिरौली के संरक्षक मंत्री ने मौके का दौरा किया और छात्राओं की सुविधा बढ़ाए जाने तथा इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने का निर्देश जिलाधिकारी को दिया है। जिला प्रशासन ने इस मामले की उच्चस्तरीय जांच का आदेश जारी कर दिया है। जांच के दौरान छात्राओं के रहने की व्यवस्था, स्कूल परिसर में सुरक्षा उपाय, साफ-सफाई और प्रबंधन की ओर से निर्धारित नियमों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी पड़ताल की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि किसी तरह की लापरवाही या सुरक्षा संबंधी कमी सामने आती है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

