‘गुलज़ार-ए-राजा’ संगठन की एसआईटी जांच शुरू : फडणवीस
मुंबई, 18 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को विधान परिषद में बताया कि गुलज़ार-ए-राजा नामक संगठन से जुड़े फाइनेंशियल लेन-देन की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) की टीम कर रही है। इस जांच में कई गंभीर बातें सामने आई हैं।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस आज विधान परिषद में प्रश्नोत्तर विधान परिषद सदस्य विक्रम काले की ओर से गुलजार -ए-रजा नामक संगठन के संबंध में उठाए गए सवालों का जवाब दे रहे थे। मुख्यमंत्री फडणवीस ने विधान परिषद को बताया कि इस मामले का दायरा सिर्फ़ इस बात तक सीमित नहीं है कि किसी धार्मिक काम के लिए पैसे जमा किए गए थे, बल्कि जांच के दौरान यह बात सामने आई है कि एक विदेशी संगठन से करीब 25 लाख रुपये जमा किए गए थे। इस पृष्ठभूमि में, संबंधित संगठन के सभी बैंक अकाउंट सील कर दिए गए हैं और फाइनेंशियल लेन-देन की पूरी जांच चल रही है। इस संगठन में पिछले चार सालों में चार जिलों में 400 ड्रॉप बॉक्स के ज़रिए करीब 18,573 डोनर्स से पैसे जमा किए गए हैं और चूंकि सभी डोनर्स की जानकारी उपलब्ध नहीं है, इसलिए पूरी तरह से वेरिफिकेशन चल रहा है। इस बात की भी जांच की जा रही है कि पैसे अलग-अलग अकाउंट से निकालकर कहीं और लगाए गए थे। पैसे के इस्तेमाल और उसके पीछे के मकसद की जांच की जा रही है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने साफ किया कि इस मामले के हर पहलू को साफ करने के लिए एसआईटी की एक पैरेलल जांच कर रही है और जरूरत पडऩे पर आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस बारे में और जानकारी देते हुए राज्य मंत्री डॉ. पंकज भोयर ने कहा कि संबंधित संगठन के नाम पर लोगों ने अलग-अलग वजहें बताते हुए करीब 4.73 करोड़ रुपये जमा किए थे। हालांकि ट्रस्ट माजलगांव में बनाया गया था, लेकिन बैंक अकाउंट लातूर के एक्सिस बैंक में खोला गया था। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है और दो और की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि इस बात की पूरी जांच की जा रही है कि ट्रस्ट के जरिए कोई और गड़बड़ी तो नहीं की गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

