मनाेज जरांगे की कथित ऑडियो क्लिप मामले की जांच के लिए आईपीएस शैलेश बालकवड़े के नेतृत्व में एसआईटी गठित
मुंबई, 27 अक्टूबर (हि.स.)। मराठा आरक्षण के नेता मनोज जरांगे पाटिल के कथित ऑडियो क्लिप की जांच के लिए मंगलवार को राज्य सरकार ने अतिरिक्त पुलिस आयुक्त शैलेश बालकवड़े के नेतृत्व में तीन सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दी है। इस एसआईटी में पुलिस उपायुक्त विजयकांत सागर और आईपीएस बजरंग बनसोडे को शामिल किया गया है।
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने मनोज जरांगे के कथित 500 करोड़ रुपये की ऑडियाे क्लिप की जांच के लिए एसआईटी गठित करने का आदेश पुलिस विभाग को दिया था। इसी आदेश का पालन करते हुए आज एसआईटी गठित की गई है। जांच में ऑडियो क्लिप की प्रामाणिकता, उसमें मौजूद आवाज और क्लिप के प्रसार से जुड़े पहलुओं की पड़ताल की जाएगी। टीम यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि कथित ऑडियो क्लिप किसने तैयार की, इसे किसे भेजा गया और इसमें सुनाई देने वाली आवाज असली है या नहीं। साथ ही, क्लिप के एआई की मदद से तैयार किए जाने की आशंका की भी जांच की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मराठा नेता मनोज जरांगे ने पत्रकार वार्ता में इस ऑडियो क्लिप को सार्वजनिक किया था। इस कथित ऑडियो क्लिप में चार लोगों के वार्तालाप है, जो मनोज जरांगे को पांच सौ करोड़ रुपये दिए जाने संबंधी बात कर रहे हैं। तब से महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। इस क्लिप की छानबीन कराए जाने की मांग खुद मनोज जरांगे ने की थी। साथ ही भाजपा और शिवसेना शिंदे समूह ने इस ऑडियो क्लिप की जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाए जाने की मांग की थी। साथ ही विपक्ष भी इस कथित ऑडियो क्लिप को लेकर सरकार पर आरोप लगा रहा था। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री ने इस क्लिप की गहन छानबीन का आदेश जारी किया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राजबहादुर यादव

