home page

अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी होगी, अश्विनी भिड़े ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग

 | 
अंतिम मतदाता सूची 22 दिसंबर को जारी होगी, अश्विनी भिड़े ने राजनीतिक दलों से मांगा सहयोग


मुंबई, 26 नवम्बर (हि.स.)। बृहन्मुंबई क्षेत्र में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को गति देने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी एवं बीएमसी आयुक्त अश्विनी भिड़े ने राजनीतिक दलों से सहयोग की अपील की है। उन्होंने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों और बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) से पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रोत्साहित करने तथा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने का आग्रह किया है। प्रशासन के अनुसार, आगाामी 22 दिसंबर, 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।

एसआईआर अभियान को लेकर गुरुवार को बीएमसी मुख्यालय में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई। इसमें अभियान की प्रगति, अब तक पूरी की गई प्रक्रियाओं और आगामी समयसीमा की जानकारी दी गई।

अश्विनी भिड़े ने बताया कि मुंबई शहर और मुंबई उपनगर जिलों में निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गत 20 जून, 2026 से यह अभियान चलाया जा रहा है। इसकी प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ रही है और अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। प्रारूप मतदाता सूची में जिन पात्र नागरिकों के नाम शामिल नहीं हैं, उनके लिए निर्वाचन आयोग ने गणना प्रपत्र उपलब्ध कराए हैं। इन प्रपत्रों का वितरण और संग्रह 30 नवंबर तक पूरा किया जाएगा।

मतदाताओं की सुविधा के लिए आगामी 28 और 29 नवंबर को संबंधित मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। प्रशासन ने नागरिकों से इन शिविरों में पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि गणना प्रपत्रों का वितरण, संग्रह और डिजिटलीकरण, प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन तथा मतदान केंद्रों का युक्तिसंगत पुनर्गठन जैसी महत्वपूर्ण प्रक्रियाएं पूरी की जा चुकी हैं। मतदान केंद्रों के पुनर्गठन को निर्वाचन आयोग की मंजूरी भी मिल गई है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आगामी 30 नवंबर तक गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रह पूरा होगा। इसके बाद 10 दिसंबर तक प्रपत्रों के डिजिटलीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी, जबकि 15 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद 22 दिसंबर, 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।

आयुक्त अश्विनी भिड़े ने कहा कि प्रशासन विभिन्न माध्यमों से नागरिकों को जागरूक कर रहा है, लेकिन अभियान की सफलता के लिए राजनीतिक दलों की भागीदारी भी जरूरी है। उन्होंने दलों से अपने संगठनात्मक नेटवर्क और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के माध्यम से पात्र नागरिकों तक पहुंचने तथा उन्हें विशेष शिविरों में भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आग्रह किया।

बैठक में अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त नगर आयुक्त प्राजक्ता वर्मा-लवंगारे, डॉ. विपिन शर्मा, अभिजीत बांगर, डॉ. अविनाश ढाकणे, संयुक्त आयुक्त विश्वास शंकरवार सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि उपस्थित थे।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी